govt-ads

13 सूत्रीय मांगों को लेकर जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ का आंदोलन तेज, प्रशिक्षण और गैर शैक्षणिक कार्यों के बहिष्कार का ऐलान

Blog
 Image

मांगों का निस्तारण होने तक न्याय पंचायत, ब्लॉक और संकुल स्तर पर आयोजित प्रशिक्षण व अनुसमर्थन बैठकों में नहीं लेंगे भाग,

 मुख्य शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को भेजा पत्र 

 

रुद्रप्रयाग। 13 सूत्रीय मांगों के लंबे समय से लंबित रहने से नाराज प्रादेशिक जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ उत्तराखंड की जनपद शाखा रुद्रप्रयाग ने अब आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया है। संगठन ने मांगों का निस्तारण होने तक प्रशिक्षण कार्यक्रमों और गैर शैक्षणिक कार्यों के बहिष्कार का ऐलान किया है। इस निर्णय के बाद शिक्षा विभाग की न्याय पंचायत, ब्लॉक और संकुल स्तर पर संचालित होने वाली विभिन्न गतिविधियों पर असर पड़ने की संभावना है।

 

इस संबंध में संगठन की ओर से 23 नवंबर 2026 को मुख्य शिक्षा अधिकारी रुद्रप्रयाग, जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) तथा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) रतूड़ा के प्राचार्य को पत्र भेजकर अपने निर्णय से अवगत कराया गया है। संघ ने स्पष्ट किया है कि 13 सूत्रीय मांगों का पूर्ण निस्तारण होने तक शिक्षक जूनियर हाईस्कूलों में शिक्षण कार्य के अतिरिक्त अन्य गतिविधियों में प्रतिभाग नहीं करेंगे।

 

बहिष्कार के तहत न्याय पंचायत, ब्लॉक एवं संकुल स्तर पर आयोजित होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों, अनुसमर्थन बैठकों तथा ऑनलाइन और ऑफलाइन गैर शैक्षणिक कार्यों में शिक्षक शामिल नहीं होंगे। संगठन का कहना है कि लंबे समय से मांगों को लेकर शासन और शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों से पत्राचार किया जा रहा है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो पाई है। ऐसे में शिक्षकों को आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

 

संघ के अनुसार, इससे पहले प्रदेश संगठन की ओर से 14 अगस्त 2026 को पत्रांक संख्या 218/मांगपत्र/निराकरण/2026-27 के माध्यम से शिक्षा सचिव, महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा, निदेशक एससीईआरटी तथा निदेशक प्रारंभिक शिक्षा उत्तराखंड को भी मांगों के निस्तारण के संबंध में पत्र भेजा गया था। इसके बावजूद मांगें लंबित रहने पर अब जनपद शाखा ने बहिष्कार का निर्णय लिया है।

 

संगठन ने अपने पत्र की प्रतिलिपि प्रांतीय अध्यक्ष एवं महामंत्री, राजकीय शिक्षक संघ उत्तराखंड, जनपदीय कार्यकारिणी तथा जखोली, ऊखीमठ और अगस्त्यमुनि ब्लॉक के अध्यक्षों एवं मंत्रियों को भी भेजी है। साथ ही प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को भी इसकी जानकारी दी गई है।

 

शिक्षक संघ के इस फैसले से शिक्षा विभाग के प्रशिक्षण और गैर शैक्षणिक कार्यक्रम प्रभावित हो सकते हैं। अब निगाहें विभागीय अधिकारियों पर टिकी हैं कि शिक्षकों की 13 सूत्रीय मांगों के निस्तारण को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं और संगठन के बहिष्कार के ऐलान के बाद शासन-प्रशासन की ओर से कोई सकारात्मक पहल होती है या नहीं।