रुद्रप्रयाग। जीआरआरसी लैंसडाउन से गढ़वाल भ्रमण पर निकले नए सैन्य अधिकारियों के रुद्रप्रयाग पहुंचने पर पूर्व सैनिक संगठन अगस्त्यमुनि रुद्रप्रयाग की ओर से उनका जोरदार स्वागत किया गया। संगठन के अध्यक्ष राय सिंह रावत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में सभी अधिकारियों का स्वागत कर उन्हें जलपान कराया गया।
इस दौरान संगठन के अध्यक्ष राय सिंह रावत ने नव नियुक्त सैन्य अधिकारियों को सेना की कार्यप्रणाली और सैन्य जीवन की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सेना में अनुशासन, आपसी तालमेल और समन्वय का विशेष महत्व है। किसी भी चुनौती का सामना करने और युद्ध में विजय हासिल करने के लिए सैनिकों के बीच आपसी मेल-मिलाप, एकजुटता और बेहतर सामंजस्य होना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सेना की मजबूती उसके जवानों के साहस, समर्पण और आपसी विश्वास में निहित है। कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिक संगठन के सदस्यों ने अधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल सैन्य भविष्य की कामना की।

