govt-ads

युवाओं के विचारों और संकल्पों से साकार होगा विकसित भारत का सपना: भरत सिंह चौधरी,

Blog
 Image

राजकीय महाविद्यालय रुद्रप्रयाग में ‘मेरे सपनों का भारत–विकसित भारत @2047’ कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को किया सम्मानित,

रुद्रप्रयाग। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय रुद्रप्रयाग में ‘मेरे सपनों का भारत–विकसित भारत @2047’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के ग्राम्य विकास एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री भरत सिंह चौधरी ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका, उनके सपनों और भविष्य की आकांक्षाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि युवाओं के विचार, नवाचार और दृढ़ संकल्प ही वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उनकी ऊर्जा, रचनात्मक सोच, नवाचार और राष्ट्र के प्रति समर्पण भारत के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के साथ ही सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए युवाओं की सक्रिय सहभागिता, नए विचारों और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। युवाओं को अपने सपनों को स्पष्ट लक्ष्य में बदलकर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने, नई संभावनाओं को तलाशने और देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र प्रतिनिधियों और प्राचार्य ने मंत्री के समक्ष संस्थान की विभिन्न समस्याएं रखीं। मंत्री चौधरी ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके प्राथमिकता के आधार पर समाधान के लिए आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थान युवाओं के भविष्य निर्माण की आधारशिला हैं। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। इसके लिए महाविद्यालय से संबंधित समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर समाधान की दिशा में कार्य किया जाएगा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, महाविद्यालय के प्राचार्य आशुतोष त्रिपाठी, छात्रसंघ अध्यक्ष अर्जुन सिंह, भगवती नौटियाल, पार्वती गोस्वामी, शीला रावत, अमित प्रदाली, धर्मेंद्र कंडवाल सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।