विशेषज्ञों के इंतजार में जिला अस्पताल,
15 से 20 दिन में डॉक्टर लाने का आश्वासन निकला हवा-हवाई,
रुद्रप्रयाग। जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में विशेषज्ञ डॉक्टरों की भारी कमी और बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर रुद्रप्रयाग विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी मोहित डिमरी ने गुरुवार को जिला मुख्यालय में पत्रकार वार्ता कर प्रदेश सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिले का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल आज खुद बीमार है और विशेषज्ञ चिकित्सकों के अभाव में रेफरल सेंटर बनकर रह गया है।
मोहित डिमरी ने कहा कि बीते 8 अक्टूबर 2026 को स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने सार्वजनिक रूप से आश्वासन दिया था कि 15 से 20 दिनों के भीतर जिला अस्पताल में डॉक्टरों की तैनाती कर दी जाएगी। लेकिन 35 दिन बीतने के बाद भी यह वादा धरातल पर उतरता नजर नहीं आ रहा है। अस्पताल में अब भी महिला रोग विशेषज्ञ, जनरल सर्जन, हड्डी रोग विशेषज्ञ, नाक-कान-गला (ईएनटी) और नेत्र रोग विशेषज्ञ जैसे महत्वपूर्ण पद रिक्त हैं।
उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी का सबसे अधिक खामियाजा गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। महिला रोग विशेषज्ञ और सर्जन की तैनाती न होने से हाई रिस्क गर्भावस्था तथा जटिल प्रसव के मामलों में सिजेरियन ऑपरेशन जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। दूरस्थ गांवों से प्रसव पीड़ा में अस्पताल पहुंचने वाली महिलाओं को उपचार के लिए श्रीनगर अथवा ऋषिकेश रेफर करना पड़ता है। पहाड़ के दुर्गम रास्तों और लंबी दूरी के कारण मरीजों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। ऐसी परिस्थितियों में जच्चा-बच्चा दोनों की जान जोखिम में पड़ सकती है।
प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए डिमरी ने कहा कि उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर दोहरी व्यवस्था दिखाई दे रही है। एक ओर जनप्रतिनिधियों को बड़े निजी अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधाएं उपलब्ध हैं, वहीं दूसरी ओर पर्वतीय क्षेत्रों की आम जनता सरकारी अस्पतालों में बुनियादी विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के लिए भी भटकने को मजबूर है।
उन्होंने डॉक्टरों की तैनाती से जुड़े बॉन्ड नियमों के क्रियान्वयन पर भी सवाल उठाए। कहा कि सरकारी मेडिकल कॉलेजों में रियायती शुल्क पर एमबीबीएस और स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने वाले डॉक्टरों से पहाड़ में सेवाएं देने के लिए क्रमशः एक करोड़ और ढाई करोड़ रुपये तक के बॉन्ड भरवाए जाते हैं। इसके बावजूद नियमों का प्रभावी अनुपालन नहीं होने से पर्वतीय जिलों में चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं हो पा रही है। बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन करने वाले डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
मोहित डिमरी ने शासन और स्वास्थ्य विभाग से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में महिला रोग विशेषज्ञ, जनरल सर्जन, हड्डी रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ और ईएनटी विशेषज्ञ की तत्काल स्थायी नियुक्ति करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही रिक्त पदों पर नियुक्तियां नहीं की गईं तो स्थानीय जनता को साथ लेकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।

