govt-ads

केदारनाथ यात्रा के दौरान विभिन्न कारणों से 142 श्रद्धालुओं की मौत, 111 यात्रियों को हेली सेवा से किया गया एयरलिफ्ट,

Blog
 Image

मानसून की चुनौतियों के बीच आपदा राहत एवं बचाव दलों ने निभाई अहम भूमिका,

19.33 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा के दर्शन,

प्रवीन रावत

रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम की वर्ष 2026 की यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। इस वर्ष बाबा केदार के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड सैलाब उमड़ा। जिला आपदा प्रबंधन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, यात्रा सीजन के दौरान कुल 19 लाख 33 हजार 138 से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। इनमें 1 लाख 26 हजार 222 श्रद्धालु हेली सेवा के माध्यम से धाम पहुंचे। भारी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती रहा।

 

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि यात्रा के दौरान विभिन्न कारणों से 142 श्रद्धालुओं की मृत्यु हुई। वहीं, धाम एवं यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य खराब होने के चलते 111 श्रद्धालुओं को हेली सेवा के माध्यम से एयरलिफ्ट कर सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया। समय पर संचालित किए गए रेस्क्यू अभियानों से गंभीर रूप से बीमार यात्रियों को उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिली।

 

इस वर्ष मानसून के दौरान केदारनाथ यात्रा का संचालन विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण रहा। लगातार बारिश, भूस्खलन, पहाड़ियों से गिरते पत्थरों और खराब मौसम के कारण यात्रा मार्ग पर जोखिम बना रहा। ऐसे चुनौतीपूर्ण हालात में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग के लिए किसी बड़ी परीक्षा से कम नहीं था।

 

आपदा की आशंकाओं के बीच यात्रा मार्ग पर तैनात राहत एवं बचाव दलों ने लगातार मुस्तैदी दिखाई। कठिन परिस्थितियों में फंसे यात्रियों को सुरक्षित निकालने, बीमार एवं घायल श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और आवश्यकता पड़ने पर हेली रेस्क्यू के जरिए अस्पताल पहुंचाने में टीमों ने अहम भूमिका निभाई। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और प्रतिकूल मौसम के बावजूद बचाव दलों ने पूरी यात्रा के दौरान सक्रिय रहकर राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम दिया।

 

19.33 लाख से अधिक श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास के साथ संपन्न हुई केदारनाथ यात्रा ने एक बार फिर धाम की धार्मिक महत्ता को रेखांकित किया। वहीं, यात्रा के दौरान सामने आई चुनौतियों और 142 श्रद्धालुओं की मौत ने पर्वतीय यात्रा में स्वास्थ्य, सुरक्षा, मौसम संबंधी सतर्कता और आपदा प्रबंधन की अहमियत को भी उजागर किया। यात्रा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और आपदा राहत एवं बचाव टीमों का योगदान महत्वपूर्ण रहा।