वृक्षारोपण, करियर काउंसलिंग, चित्रकला प्रतियोगिता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर दिया जोर,
रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में सेवा संकल्प अभियान के तहत शहीद भगवान सिंह राजकीय इंटर कॉलेज, क्यूँजा में विभिन्न जनहितकारी एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, शिक्षा और करियर निर्माण के प्रति जागरूक करते हुए उनके सर्वांगीण विकास पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व की जानकारी देते हुए अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, करियर काउंसलिंग के माध्यम से छात्र-छात्राओं को विभिन्न शैक्षिक एवं व्यावसायिक अवसरों की जानकारी दी गई तथा भविष्य के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली ने विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं को फल एवं लेखन सामग्री वितरित की। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के साथ उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और सकारात्मक सोच विकसित करना रहा।
कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांधा। इसके साथ ही चित्रकला प्रतियोगिता और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी कलात्मक प्रतिभा एवं रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, शिक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया। अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के जरिए समाज के विभिन्न वर्गों को जागरूक करना तथा जनसेवा और सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा
देना है।

