govt-ads

रुद्रप्रयाग में जिला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित, आठ टीमों ने दिखाया दमखम,

Blog
 Image

सेवा संकल्प अभियान के तहत अनुसूचित जाति के अंडर-18 बालकों के लिए हुई प्रतियोगिता, सौंराखाल और भणज की टीमों ने दर्ज की जीत,

रुद्रप्रयाग। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जिला खेल विभाग की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत स्पेशल कंपोनेंट प्लान के अंतर्गत अनुसूचित जाति वर्ग के 18 वर्ष से कम आयु के बालकों की जिला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम रुद्रप्रयाग में किया गया। प्रतियोगिता में जनपद की आठ टीमों ने प्रतिभाग कर खेल प्रतिभा और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।

 

प्रतियोगिता का उद्घाटन एवं समापन नरेंद्र सिंह रौथाण, पूर्व उपाध्यक्ष कबड्डी एसोसिएशन, तथा राधिका, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अगस्त्यमुनि की उपस्थिति में हुआ। प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को जिला क्रीड़ा अधिकारी मनोज चौहान ने पुरस्कार वितरित किए।

प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पहले मुकाबले में सौंराखाल ने लमगौंडी को हराया, जबकि दूसरे मैच में भणज की टीम ने जखोली को पराजित किया। तीसरे मुकाबले में टैंठी ने घंघासू बांगर के विरुद्ध जीत दर्ज की। चौथे मैच में तिलवाड़ा की टीम बांगर पर भारी पड़ी।

 

आगे के मुकाबलों में सौंराखाल ने टैंठी को हराकर अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा। वहीं, छठे मुकाबले में भणज की टीम ने तिलवाड़ा को पराजित किया। प्रतियोगिता के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने और जिला स्तर पर प्रदर्शन करने का अवसर मिला।

इस अवसर पर खेल विभाग के कॉन्ट्रैक्ट प्रशिक्षक आलोक नेगी, हैंडबॉल प्रशिक्षक प्रकाश जगवाण, विजय सिंह रावत, शुभम सिंह सहित खेल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।