मतदान केंद्रों का 15 दिन में निरीक्षण करने के निर्देश, क्रिटिकल बूथों की पहचान और कम मतदान वाले क्षेत्रों पर रहेगा विशेष फोकस,
रुद्रप्रयाग। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने गुरुवार को जिला कार्यालय सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर निर्वाचन तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत को मतदान एवं मतगणना कार्मिकों, माइक्रो ऑब्जर्वर, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित निर्वाचन कार्यों में तैनात होने वाली विभिन्न टीमों का डाटाबेस आगामी 15 नवंबर तक तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्मिकों के प्रशिक्षण, परिवहन व्यवस्था तथा मतदान केंद्रों के निर्धारण से जुड़े कार्यों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारियों को अगले 15 दिनों के भीतर उन सभी विद्यालयों का निरीक्षण कराने के निर्देश दिए, जहां मतदान केंद्र स्थापित किए जाने हैं। निरीक्षण के दौरान भवनों की स्थिति, पेयजल, बिजली, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं का आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा, ताकि आवश्यक मरम्मत एवं व्यवस्थाएं निर्वाचन से पहले पूरी की जा सकें।
उन्होंने क्रिटिकल बूथों की पहचान और सूची तैयार करने के साथ ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के रखरखाव, प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) तथा प्रशिक्षण के लिए आवश्यक मशीनों के चयन की प्रक्रिया भी समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत स्वीप गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने पिछले चुनावों में कम मतदान वाले बूथों की सूची तैयार करने तथा ऐसे क्षेत्रों की पहचान करने के निर्देश दिए, जहां आगामी चुनाव में कम मतदान होने या मतदान बहिष्कार की आशंका हो सकती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन क्षेत्रों में समय रहते जनसंवाद स्थापित कर स्थानीय समस्याओं का समाधान करने और मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने सभी मतदान केंद्रों पर दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए रैंप सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्वाचन प्रशिक्षण एवं अन्य कार्यों के दौरान बड़ी संख्या में कार्मिकों की मौजूदगी वाले स्थलों पर मेडिकल टीमों की तैनाती और आवश्यक चिकित्सा किट उपलब्ध कराने के लिए भी अग्रिम कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की तैयारी समय से पूरी की जाए, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, सहायक निर्वाचन अधिकारी विपिन जोशी, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

