तीन दिवसीय प्रशिक्षण में जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, दिशा-निर्देशों और कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन की दी जा रही जानकारी,
रुद्रप्रयाग। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की जनसंख्या गणना को सुचारु, सटीक और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद रुद्रप्रयाग में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में तहसील सभागार रुद्रप्रयाग में 14 अक्टूबर से 16 फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ है, जो 16 अक्टूबर तक चलेगा।
प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनर्स को जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, निर्धारित दिशा-निर्देशों तथा गणना संबंधी कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। इसका उद्देश्य प्रशिक्षकों को तकनीकी और व्यावहारिक रूप से दक्ष बनाना है, ताकि आगामी जनगणना के कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराया जा सके।
प्रशिक्षण में जनगणना कार्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी देने के साथ ही कार्यों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने पर जोर दिया जा रहा है। प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स आगामी जनगणना प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। ऐसे में गणना की शुद्धता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशिक्षण को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर एवं जिला सेवायोजन अधिकारी सुशील चंद्र चमोली, जनगणना निदेशालय के नितेश रावत, मास्टर ट्रेनर एवं तहसीलदार जगदीश सिंह नेगी, रजिस्ट्रार कानूनगो गणेश भटगाई, जिला कार्यालय के एलआरसी सूर्य प्रकाश तथा तहसील रुद्रप्रयाग के विपिन शाह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनगणना-2027 के सफल संचालन के लिए आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम फील्ड स्तर पर कार्यों की प्रभावशीलता बढ़ाने और जनसंख्या गणना को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संपन्न कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

