govt-ads

धनतेरस-दीपावली को लेकर सोनप्रयाग पुलिस सतर्क, त्रियुगीनारायण में व्यापारियों के साथ की बैठक

Blog
 Image

पटाखों की सुरक्षित बिक्री, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और विद्युत सुरक्षा को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश,

रुद्रप्रयाग। धनतेरस एवं दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में पुलिस टीमों द्वारा व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों को सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

इसी क्रम में कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस ने एसएचओ सुरेश चन्द्र बलूनी की अध्यक्षता में त्रियुगीनारायण में स्थानीय व्यापारियों एवं आम जनता के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में एसआई महेश रावत सहित क्षेत्र के व्यापारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

 

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने धनतेरस एवं दीपावली के दौरान बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विशेष रूप से पटाखों की दुकानों के संचालन में सावधानी बरतने, निर्धारित एवं सुरक्षित स्थानों पर ही पटाखों की बिक्री करने तथा दुकानों में अग्निशमन उपकरण अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखने की जानकारी दी गई। साथ ही ज्वलनशील पदार्थों को सुरक्षित दूरी पर रखने की हिदायत भी दी गई।

 

पुलिस टीम ने व्यापारियों को दुकानों में विद्युत उपकरणों एवं वायरिंग की नियमित जांच करने तथा आग लगने जैसी आपातकालीन स्थिति में तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना देने के लिए जागरूक किया। बाजार क्षेत्र में सुरक्षा मानकों का पालन करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने पर भी जोर दिया गया।

 

पुलिस ने व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों से पर्व के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।