केदारनाथ धाम की स्वच्छता और हिमालयी पर्यावरण संरक्षण में जनसहभागिता पर दिया जोर,
केदारनाथ। सचिव कार्मिक एवं सतर्कता नवनीत पांडेय ने केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदारनाथ के दर्शन किए तथा देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने धाम में संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं से केदारनाथ धाम को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए ‘कैरी मी बैक’ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
सचिव नवनीत पांडेय ने कहा कि केदारनाथ धाम जैसे पवित्र तीर्थस्थल की स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हिमालयी क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरणीय संतुलन को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक श्रद्धालु को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की कि वे प्लास्टिक की बोतलें, खाद्य पदार्थों के रैपर और अन्य कचरा खुले में न फेंकें।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालु अपने साथ लाए गए कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करें तथा उसे निर्धारित कूड़ेदान में डालें या अपने साथ वापस ले जाएं। ‘कैरी मी बैक’ अभियान का उद्देश्य कचरे के उचित निस्तारण को बढ़ावा देना और यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।
सचिव ने कहा कि जनसहभागिता के माध्यम से ही केदारनाथ धाम की पवित्रता, स्वच्छता और हिमालयी पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सकता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अभियान में सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि प्राकृतिक विरासत का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। सामूहिक प्रयासों से ही बाबा केदार की नगरी को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाए रखा जा सकता है।

