डीएम अगस्त्यमुनि, एसपी जखोली और सीडीओ गुप्तकाशी महाविद्यालय में लेंगी भाग,
रुद्रप्रयाग। सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद के विद्यालयों में स्वच्छता, वृक्षारोपण, करियर मार्गदर्शन और रोजगार के अवसरों से संबंधित जानकारी विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए जनपद स्तरीय अधिकारियों को विभिन्न विद्यालय आवंटित किए गए हैं। अधिकारियों को विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी देने के साथ ही उनकी समस्याओं पर काउंसलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ करियर, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूक करना है। साथ ही विद्यालय परिसरों में स्वच्छता एवं वृक्षारोपण जैसी गतिविधियों के माध्यम से जनसहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से भी सफाई, वृक्षारोपण, शिक्षण एवं अन्य समयोपयोगी सेवा गतिविधियों में सहयोग की अपील की है।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी विशाल मिश्रा राजकीय महाविद्यालय अगस्त्यमुनि, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर महाविद्यालय जखोली तथा मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत महाविद्यालय विद्यापीठ गुप्तकाशी में विद्यार्थियों के साथ अभियान की गतिविधियों में प्रतिभाग करेंगे।
अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा को राजकीय इंटर कॉलेज रतूड़ा, जिला विकास अधिकारी को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अगस्त्यमुनि, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल को राजकीय इंटर कॉलेज अगस्त्यमुनि, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष रावत को राजकीय इंटर कॉलेज टैंठी, उप जिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया को राजकीय इंटर कॉलेज सौंराखाल, उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी को राजकीय इंटर कॉलेज कोठगी तथा उप जिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल कुमार रावत को महाविद्यालय रुद्रप्रयाग आवंटित किया गया है।
इसी क्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी सोनी मेहरा को राजकीय इंटर कॉलेज मणिपुर, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट को राजकीय इंटर कॉलेज परकंडी तथा जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे को राजकीय इंटर कॉलेज मनसूना में निर्धारित अवधि के दौरान उपस्थित रहकर अभियान की गतिविधियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों को कार्यक्रम की गतिविधियों का संक्षिप्त विवरण, फोटो एवं वीडियो जिला सूचना विभाग के नामित नोडल अधिकारी के मोबाइल नंबर 8755410567 पर उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।

