प्रधान संगठन का सीडीओ कार्यालय पर धरना, VB -G राम जी योजना के बहिष्कार का ऐलान 10 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन तेज,

Blog
 Image

योजना में हाजिरी व्यवस्था पर प्रधानों ने जताई नाराजगी

रुद्रप्रयाग। ग्राम प्रधानों की विभिन्न मांगों के समाधान को लेकर प्रधान संगठन ने मंगलवार को रुद्रप्रयाग में धरना-प्रदर्शन किया। उत्तराखंड प्रदेश प्रधान संगठन के आह्वान पर आयोजित आंदोलन के तहत प्रधानों ने मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। इस दौरान संगठन ने अपनी 10 सूत्रीय मांगों के समाधान की मांग दोहराते हुए आंदोलन को आगे भी जारी रखने का ऐलान किया।

धरना प्रदर्शन में जिला प्रधान संगठन अध्यक्ष विजयपाल जगवान, जखोली ब्लॉक प्रधान संगठन अध्यक्ष अजय पुंडीर, अगस्त्यमुनि ब्लॉक अध्यक्ष मनोज वैष्णव, ऊखीमठ ब्लॉक अध्यक्ष त्रिलोक सिंह रावत, उपाध्यक्ष महेंद्र सेमवाल समेत बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान प्रधान संगठन ने VB -G राम जी योजना के बहिष्कार की घोषणा भी की। जखोली ब्लॉक प्रधान संगठन अध्यक्ष अजय पुंडीर ने कहा कि योजना के तहत श्रमिकों को 300 रुपये की दिहाड़ी के लिए दो बार हाजिरी लगाने के लिए बुलाया जाता है। उनका आरोप है कि इस व्यवस्था के कारण श्रमिकों के साथ ग्राम प्रधानों का भी काफी समय हाजिरी प्रक्रिया में व्यतीत हो रहा है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों और अन्य जिम्मेदारियों के बीच प्रधानों के लिए बार-बार हाजिरी प्रक्रिया में शामिल होना व्यावहारिक नहीं है। संगठन इस व्यवस्था का खुलकर विरोध करता है और जब तक इसमें आवश्यक सुधार नहीं किया जाता, जयराम जी योजना के बहिष्कार का निर्णय जारी रहेगा।

प्रधान संगठन ने स्पष्ट किया कि 10 सूत्रीय मांगों के समाधान को लेकर आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। प्रधानों ने सरकार से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की, ताकि ग्राम पंचायतों में विकास कार्य प्रभावित न हों।