चार्जिंग पर लगे मोबाइल में जोरदार ब्लास्ट, बाल-बाल टला बड़ा हादसा,

Blog
 Image

नारायणकोटि में देर रात धमाके से मची अफरा-तफरी, मोबाइल के उड़े चिथड़े, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल,

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ हाईवे से सटे नारायणकोटि क्षेत्र में देर रात चार्जिंग पर लगे मोबाइल फोन में अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि मोबाइल के कई हिस्से टूटकर बिखर गए। घटना के दौरान मोबाइल के आसपास कोई मौजूद नहीं होने से बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, नारायणकोटि क्षेत्र में रात के समय एक मोबाइल फोन चार्जिंग पर लगा हुआ था। इसी दौरान अचानक फोन में तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर घर में मौजूद परिजन घबरा गए और मौके पर पहुंचे। वहां मोबाइल क्षतिग्रस्त हालत में पड़ा था तथा उसके कई हिस्से आसपास बिखरे हुए थे। अचानक हुई इस घटना से परिवार में दहशत का माहौल बन गया।

घटना के बाद मोबाइल फोन को चार्जिंग पर लगाने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, मोबाइल में धमाका किन परिस्थितियों में हुआ, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। बैटरी में तकनीकी खराबी, चार्जर या केबल की समस्या अथवा किसी अन्य कारण से घटना हुई, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

सामाजिक कार्यकर्ता विपिन सेमवाल ने लोगों से मोबाइल फोन चार्ज करते समय सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि चार्जिंग के दौरान मोबाइल को बिस्तर, तकिए या अन्य ज्वलनशील सामग्री के पास रखने से बचना चाहिए। साथ ही खराब, क्षतिग्रस्त या गैर-मानक चार्जर और केबल का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मोबाइल को लंबे समय तक अनावश्यक रूप से चार्जिंग पर छोड़ना भी उचित नहीं है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में मोबाइल की बैटरी और चार्जिंग सुरक्षा को लेकर लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है।