एक क्लिक पर बन सकेगें मतदान शपथ अभियान का हिस्सा
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जारी किया पहला प्रमाण पत्र
रुद्रप्रयाग। जनपद में आगामी लोकसभा चुनाव 2024 को सफल बनाने एवं शत प्रतिशत मतदान का लक्ष्य हासिल करने को जनपद की स्वीप टीम ने बेहतरीन पहल शुरू की है। स्वीप ने जनपद के मतदाताओं के लिए एक ऑनलाइन फॉर्म जारी किया है, जिसके लिंक पर क्लिक कर मतदाता जागरूकता अभियान का हिस्सा बन सकेगें। सोमवार को इसके तहत पहला प्रमाण पत्र जिलाधिकारी ने जारी करते हुए स्वीप की टीम को इस अभिनव पहल की बधाई दी।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/03/img-20240304-wa01163534974406747148138-1024x584.jpg)
स्वीप के जनपद नोडल मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती ने बताया कि स्वीप रुद्रप्रयाग की टीम ने नए एवं तकनीक प्रेमी मतदाताओं को मतदान जागरूकता अभियान का हिस्सा बनाने के लिए यह अभिनव पहल की है। टीम ने एनआईसी के साथ मिलकर एक ऑनलाइन लिंक तैयार किया है। जिस पर क्लिक करने से आपके सामने अपनी विधानसभा एवं ब्लॉक की जानकारी और अपना नाम भरने का विकल्प मिलता है। इसे भरने के बाद आपके सामने ’निर्वाचन शपथ’ खुल जाती है। शपथ को पूरी पढ़ने के बाद आपको फॉर्म जमा करने का विकल्प मिलता है, जिस पर क्लिक करने से आपको एक प्रमाण पत्र जारी हो जाएगा। बिना कागज की खपत के आपको घर बैठे मतदान शपथ ग्रहण करने का प्रमाण पत्र जारी हो जाता है, जिसे आप अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा कर दूसरे लोगों को भी मतदान के लिए जागरूक कर सकते हैं। जिलाधिकारी सौरभ गहरवार ने स्वीप की इस पहल की सराहना करते हुए सभी लोगों को इस पहल का हिस्सा बनने एवं आसपास के लोगों को भी अभियान का हिस्सा बनाने की अपील की। वहीं इससे पहले जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जनपद स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्भीक, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान की शपथ दिलाई।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/03/img-20240304-wa01154180310934773827038-1024x768.jpg)