तृतीय केदार तुंगनाथ में यात्रियों और पुजारी के बीच मारपीट का वीडियो वायरल
दोनों पक्षों ने थाने में दर्ज कराई शिकायत,
मंदिर के भीतर पुजारी और यात्रियों के बीच हो गया था विवाद
रुद्रप्रयाग। तृतीय केदार तुंगनाथ धाम में भक्तों और मंदिर के पुजारियों के बीच लड़ाई का वीडियो वायरल हो रहा है। बताया जा रहा कि मंदिर के भीतर भक्तों और पुजारियों के बीच दर्शन को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि भक्त ने पुजारी के सिर पर तांबे के लौटे से वार कर दिया। दोनों पक्षों की और से थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस की और से मामले की जांच की जा रही है।

जोधपुर राजस्थान से कुछ यात्री तुंगनाथ की यात्रा पर आए थे। पुलिस के अनुसार यात्रियों और पुजारी में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा की नौबत हाथापाई तक आ गई। मंदिर के भीतर पुजारी पर यात्री की ओर से तांबे के जल चढ़ाने वाले लौटे से भी प्रहार किया गया। दोनों पक्षों के बीच मंदिर प्रांगण में भी खूब बहस हुई। साथ ही गाली गलौच का भी दौर चला। पंडित पक्ष ने लिखित तहरीर ऊखीमठ थाने में दी है, जबकि यात्रियों ने पुलिस को ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष ऊखीमठ सुरेश बलूनी ने बताया कि कुछ दिन पहले यात्रियों और पुजारियों के बीच विवाद हुआ था, जिस नंबर से यात्रियों ने शिकायत कराई थी, उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है। नंबर के मुताबिक यात्री जोधपुर राजस्थान के हैं। पंडित पक्ष ने लिखित तहरीर दी है। मामले में जांच जारी है। वीडियो कुछ दिनों पूर्व का बताया जा रहा है।




