राम लला के आगमन को लेकर भक्तों में उत्साह का माहौल
रुद्रप्रयाग शहर में हनुमान मंदिरों में होंगे धार्मिक अनुष्ठान,
गौ रक्षा विभाग करेगा गाय और नंदी की सेवा
रुद्रप्रयाग। अयोध्या में प्रभु राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर जनपद में उत्साह का माहौल है। रुद्रप्रयाग नगर में स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में अखंड रामायण का पाठ शुरू हो गया है, जबकि हनुमान मंदिर गुलाबराय और मुख्य बाजार में आज सोमवार को सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा। इसके साथ ही विश्व अखाड़ा परिषद (गौ रक्षा विभाग) की ओर से गाय और नंदी की सेवा के साथ ही लोगों को इनके संरक्षण व संवर्द्धन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम चलाया जायेगा। इधर, रुद्रप्रयाग संगम और बेलनी पुल के निकट अलकनंदा तट चलने वाली गंगा आरती को और भी भव्य रूप दिया जाएगा, जबकि कोटेश्वर में तीन दिवसीय यज्ञ शुरू होगा और उमरा नारायण मंदिर में भंडारे का आयोजन होगा।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/01/img-20240121-wa01423051239923948833712-1024x768.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/01/img-20240119-wa0094246550082270655831-768x1024.jpg)
रामलला में प्रभु राम के आने की खुशी में रामभक्तों में भारी उत्साह है। रुद्रप्रयाग जनपद में हालांकि राम का मंदिर नहीं है, मगर सभी हनुमान मंदिरों में भव्य आयोजन हो रहे हैं। बेलनी स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में भक्तों द्वारा अखंड रामायण का पाठ शुरू हो गया है। बड़ी संख्या में भक्त प्रभु राम की अराधना कर रहे हैं। वहीं गुलाबराय, मुख्य बाजार और पुनाड़ हनुमान मंदिर में आज सोमवार को सुदंरकांड का पाठ किया जाएगा। सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि हनुमान मंदिर बेलनी में इस शुभ अवसर पर अखंड रामायण का पाठ शुरू हो गया है। सोमवार को प्रसाद विरतण किया जाएगा। कोटेश्वर के महंत शिवानंद गिरी महाराज ने बताया कि सोमवार को अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर कोटेश्वर में तीन दिवसीय यज्ञ शुरू किया जाएगा।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/01/img-20240121-wa00127502431508860201902-300x154.jpg)
हवन यज्ञ का समापन 24 जनवरी को होगा। इस मौके पर भजन कीर्तन और प्रसाद वितरणक किया जाएगा। इधर, रुद्रप्रयाग संगम और अलकनंदा तट पर होने वाली गंगा आरती को भी सोमवार को और भी भव्य बनाया जाएगा। इसकी सभी तैयारियां कर दी गई है। वहीं राम लला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर विश्व अखाड़ा परिषद (गौ रक्षा विभाग) की ओर से गाय और नंदी की सेवा की जाएगी। जहां गाय और नंदी का ट्रीटमेंट किया जाएगा, वहीं उनके लिए चारापत्ति की व्यवस्था भी की जाएगी। साथ ही लोगों को इनके संरक्षण व संवर्द्धन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम चलाया जायेगा।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/01/img-20240121-wa00107568536159644041479-300x158.jpg)