ग्राम प्रधान सहित दो अन्य पर सामूहिक दुराचार करने का आरोप
पुलिस ने ग्राम प्रधान सहित एक अन्य को किया गिरफ्तार
एक आरोपी अभी भी चल रहा है फरार
रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग जनपद के धारकुड़ी गांव के ग्राम प्रधान, गांव के अन्य व्यक्ति और एक नेपाली मूल के व्यक्ति पर एक युवती ने सामूहिक दुराचार करने का आरोप लगाया है। मामले में युवती के पिता की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर दो व्यक्तियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर दिया है और तीसरे आरोपी की जांच जारी है। यह भी बताया जा रहा है की जिस युवती ने सामूहिक दुराचार करने का आरोप लगाया है, उसकी मानसिक स्थिति कुछ हद तक ठीक भी नही है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है।

युवती के पिता की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर जानकारी मिली है कि विगत अगस्त माह में एक मानसिक रूप से विकलांग युवती गांव के निकट ही जंगल में मवेशियों के साथ गई थी। इस दौरान ग्राम प्रधान महावीर सिंह ने गांव के एक अन्य व्यक्ति रोशन सिंह व एक अज्ञात व्यक्ति के साथ मिलकर सामूहिक दुराचार कर दिया। घटना के बाद घर आने पर युवती ने अपने परिजनों को आपबीती बताई। जिसके बाद युवती के पिता ने राजस्व उपनिरीक्षक को तहरीर दी। राजस्व पुलिस के बाद मामला रेगुलर पुलिस को आया। रेगुलर पुलिस ने तीन दिन में आरोपी ग्राम प्रधान व गांव के दूसरे व्यक्ति को गिरफ्तार कर दिया है। जबकि तीसरे आरोपी की खोजबीन जारी है। पकड़े गए दोनो आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। घटना की पूरी जांच के अलावा अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी हैं। साथ ही पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक डॉ विशाखा भदाने ने बताया की 30 अगस्त को राजस्व पुलिस से उनके पास मामला आया था। युवती के बयानों के आधार पर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर दिया है। पुलिस की ओर से मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
