भगवान राम के राजतिलक के साथ अपर बाजार में रामलीला संपंन
जिला मुख्यालय में निकाली गई भव्य झांकी, राम भक्तों ने लिया भाग
रुद्रप्रयाग। मुख्यालय स्थित अपर बाजार में श्री गणेश रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित की जा रही रामलीला का रविवार को भगवान राम के राजतिलक के साथ समापन हो गया। इस मौके पर संगम बाजार से ढोल नगाड़ों के साथ राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान की भव्य झांकी निकाली गई, जिसमें राम भक्तों ने भागीदारी की।

अपर बाजार में आयोजित रामलीला में रविवार को भगवान राम का राजतिलक किया गया। सुबह राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान के पात्र अलकनंदा मंदाकिनी के संगम से स्नान कर झांकी के रूप में अयोध्या तक पहुंचे। इस बीच बाजार में भक्तों ने भगवान राम से आशीर्वाद लिया। इसके बाद भरत का राम से मिलन और स्वागत का मार्मिक दृश्य दिखाया गया। साथ ही राम द्वारा हनुमान को उनकी लम्बी सेवा के बदले माला सौंपने का दृश्य देखकर भक्त भावविभोर हो गए। हनुमान द्वारा भगवान राम के नाम को अपने हृदय में जीवन पर्यन्त अंकित रहने का दृश्य दिखाया गया। हनुमान ने प्रभु की सेवा में आगे भी समर्पित रहने की इच्छा जताई। इसके बाद राम, लक्ष्मण, सीता हनुमान ने भक्तों को प्रसाद वितरण किया। रामलीला कमेटी ने सभी पात्रों को पुरस्कार दिया। इधर, रामलीला कमेटी के अध्यक्ष मनमोहन शुक्ला एवं व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष अंकुर खन्ना ने इस रामयज्ञ के सफल संचालन के लिए पूरी कमेटी के साथ ही दर्शक एवं स्थानीय जनता का आभार जताया। इससे पहले बीती रात मेघनाथ, अहिरावण, रावण वध का मंचन किया गया। कार्यक्रम का संचालन सामाजिक कार्यकर्ता अशोक चौधरी, शिक्षक महिलपाल कोहली, सभासद अंकुर खन्ना ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर रामलीला कमेटी अध्यक्ष मनमोहन शुक्ला, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष व सभासद अंकुर खन्ना, कालिका प्रसाद खन्ना, शम्भू प्रसाद काला, अमिताभ काला, महिपाल कोहली, अनुसूया, व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष चन्द्रमोहन सेमवाल, प्रशांत डोभाल, राकेश काला, जितेंद्र खन्ना, अशोक चैधरी, मुबारक हुसैन, सचिदानंद नौटियाल, योगेश जुयाल, रामलाल चौधरी, नरेश नौटियाल, नरेंद्र खन्ना, चन्द्रशेखर चैधरी, जसपाल भारती, केशव नौटियाल, विवेक खन्ना, तुषार काला, भरत खन्ना, विक्रांत खन्ना, विवेक बसंल सहित बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे।
