बेंजी गांव में मां चंडिका की देवरा यात्रा का जोरदार स्वागत
उत्तर चरण की दिवारा यात्रा पर निकली हैं मां चंडिका
अगस्त्यमुनि। नौजुला क्षेत्र के नारी गांव की आराध्य आदिशक्ति मां चंडिका की उत्तर चरण की दिवरा यात्रा बेंजी गांव पहुंची। बेंजी गांव स्थित तुंगनाथ बिथरा में देवी के आगमन पर मंत्रोच्चार मंगलाचरण के साथ ग्रामीणों ने देवी का भावपूर्ण स्वागत कर अघ्र्य लगाया। ढोल-दमाऊ की थाप पर एरवाल ने देव नृत्य किया। इसके बाद मां चंडिका देवी को रात्रि प्रवास के लिए तुंगनाथ बिथरा भवन में विराजमान किया गया। जहां पर सभी धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए महा विद्यापाठ एवं दैनिक अनुष्ठानिक परंपराओं का निर्वहन करने के बाद समस्त भक्तों की ओर से मां चंडिका नारी देवी की सांयकालीन आरती उतारी गई।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/01/img-20240121-wa00425781632437752549136-1024x635.jpg)
ब्रह्म मुहूर्त में पोला गांव के सेमवाल ब्राह्मणों और नारी गांव के मलवाल पुजारियों द्वारा देवी का आह्वान कर उन्हें जागृत किया गया। इसके बाद पूजा-अर्चना, श्रृंगार के साथ हवन और आरती की गई। इसके बाद मां भगवती चंडिका ने बेंजी गांव में घर-घर जाकर धियाणियों एवं भक्तों की कुशलक्षेम पूछी और उन्हें आशीर्वाद दिया। देवरा समिति के अध्यक्ष दीक्षराज सिंह रावत ने बताया कि मां चंडिका देवी की यह दूसरे चरण की यात्रा है, जिसमें तल्ला नागपुर पट्टी का भ्रमण कर पंचकेदार गद्दीस्थल ऊखीमठ और काशी विश्वनाथ के भ्रमण करते हुए देवी अगस्त्यमुनि मंदिर में तीसरे चरण की यात्रा करेगी। इस देवरा यात्रा में देवी अनेक गांवों में भ्रमण कर धियाणियों के साथ ही क्षेत्रीय लोगों की कुशलक्षेम पूछ रही है। मां भगवती सात माह की देवरा यात्रा में चारों दिशाओं के गांवों का भ्रमण करते हुए अपने भक्तों से मिलेगी। यात्रा में देवी के वाहक रूप में बारह एरवाल (गण) साथ चल रहे हैं। देवरा समिति के संरक्षक जयकृत सिंह बिष्ट, नारी देवी मंदिर समिति सदस्य राजमोहन सजवाण, आचार्य नरेश सेमवाल, नीलकंठ सेमवाल, पुजारी प्रसाद मलवाल, बृजमोहन बिष्ट, गोविन्द नेगी, गजेन्द्र सिंह, यशवंत सिंह समेत बांसी रविंद्र, आयुश एवं ढोल वादक दयाल नथवाण, प्रथम नथवाण, जीतपाल नथवाण सहित साठ की संख्या में देवरा यात्री साथ चल रहे हैं।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/01/img-20240121-wa00417120460789054307818-1024x635.jpg)