छात्रों के सफाई अभियान में विधायक भी हुई शरीक
मकर सक्रांति पर्व पर अगस्त्य मंदिर में स्वयंसेवियों ने चलाया विशेष सफाई अभियान
अगस्त्यमुनि। चिल्ड्रन एकेडमी इंटर कॉलेज अगस्त्यमुनि के स्वयंसेवियों ने मकर संक्रान्ति पर्व पर महर्षि अगस्त्य मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। इस अवसर पर स्वयंसेवियों के साथ केदारनाथ विधायक शैलारानी रावत एवं निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष अरूणा बेंजवाल ने सफाई अभियान में प्रतिभाग कर लोगों को जागरूक किया।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/01/img-20240115-wa00523734851990901431751-1024x747.jpg)
विधायक शैलारानी रावत ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरे देश में दीपावली पर्व मनाने का आहवान करने के साथ ही मठ-मंदिरों की सफाई करने की अपील की है। उन्होंने जनता का आहवान करते हुए कहा कि यह पुण्य अवसर हम सभी के लिए सौभाग्यशाली है। इस उत्सव को सभी लोग उत्साह से मनाए और अपने कुलदेवताओं के मंदिरों, पार्कों, सरकारी, सार्वजनिक स्थानों एवं समस्त नदी किनारे, घाटों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के साथ ही मुख्य स्थलों को प्रकाशमान भी करें। उन्होंने कहा कि भगवान अगस्त्य का प्रभु श्रीराम चरित मानस में महत्वपूर्ण स्थान रहा है। वे देवताओं के गुरू हैं। उनकी इस तपस्थली अगस्त्यमुनि मंदिर को शीघ्र ही कार्तिक स्वामी टूरिस्ट सर्किट से जोड़कर विकसित किया जाएगा।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/01/img-20240115-wa00535771666471169893046-1024x706.jpg)
इस अवसर पर एनएसएस प्रभारी हीरा सिंह नेगी ने कहा कि आज उत्तराखंड के लोकपर्व मकरैणी, उत्तरायणी के अवसर पर स्वंयसेवियों ने मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया है। इस मौके पर प्रधानाचार्य हरिपाल कंडारी, भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अनिल कोठियाल, राजकिशोर बिष्ट, सुमान सिंह रौथाण समेत बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने भागीदारी की।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/01/img-20240115-wa0054834651552336097418-1024x461.jpg)