21 मार्च तक बंद रहेगा कुंड से कालीमठ तक हाईवे
प्रयोग में रहेगा वैकल्पिक मार्ग बरम्वाड़ी व चुन्नी बैंड
रुद्रप्रयाग। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 107 कुंड सेतु से कालीमठ गेट तक आगामी 21 मार्च तक बंद रहेगा। इस दौरान वन-वे के लिए वैकल्पिक मार्ग गुप्तकाशी जाने को लेकर गिंवाड़ी गांव से बरम्वाड़ी (नागजगई) होते हुए गुप्तकाशी एवं गुप्तकाशी से रुद्रप्रयाग से आने के लिए कालीमठ गेट से चुन्नी बैंड होते हुए कुंड रुद्रप्रयाग प्रयोग में लाया जाएगा।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/03/image_editor_output_image2092580924-17095592991421301138484066647906-1024x846.jpg)
उप जिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल कुमार शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 107 रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड के काकड़ागाड़ से गुप्तकाशी तक बाईपास निर्माणाधीन है, जबकि कुंड से गुप्तकाशी के मध्य ग्राम सेमी में तीन तथा ग्राम भैंसारी में दो सिंकिंग जोन अवस्थित हैं, जिसमें मार्ग सुधारीकरण का कार्य गतिमान है। मार्ग के सिंगल लेन होने के कारण निर्माण कार्य में तुरंत ट्रेफिक चलने से गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है, जिस कारण कुंड सेतु से कालीमठ गेट तक 20 दिन ट्रेफिक प्रतिबंधित रहेगा, इससे कार्य में प्रगति लाई जा सकेगी। साथ ही यात्रा शुरू होने से पूर्व मार्ग का सुधारीकरण किया जा सकेगा।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/03/image_editor_output_image79470490-17095593086991315249259990432486-1024x1017.jpg)
उन्होंने बताया कि 21 मार्च तक राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 107 कुंड सेतु से कालीमठ गेट तक आवागमन के लिए तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित किया गया है। इस अवधि में वन वे के लिए वैकल्पिक मार्ग गुप्तकाशी जाने के लिए गिंवाड़ी गांव से बरम्वाड़ी (नागजगई) होते हुए गुप्तकाशी एवं गुप्तकाशी से रुद्रप्रयाग से आने के लिए कालीमठ गेट से चुन्नी बैंड होते हुए कुंड रुद्रप्रयाग प्रयोग में लाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि भारी वाहनों के गुप्तकाशी आने के लिए सायं 6 बजे से 7 बजे तक तथा 9 बजे से 11 बजे तक निर्माणाधीन कुंड-गुप्तकाशी मोटर मार्ग का प्रयोग किया जाएगा। उन्होंने वाहनों के आवागमन को लेकर वैकल्पिक मार्ग कालीमठ-विद्यापीठ-चुन्नी-कुंड मोटर मार्ग का प्रयोग करने की अपील की है।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/03/image_editor_output_image-1933639944-17095593198448816149770649869756-1024x924.jpg)