नाग बिच्छू मंदिर से चार सौ घंटियांे पर किया हाथ साफ
ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही हैं चोरी की घटनाएं
अगस्त्यमुनि। विकासखण्ड अगस्त्यमुनि के सीमांत गांव पौला नागजगई में शनिवार रात अज्ञात चोरों ने एक मंदिर में सेंधमारी कर चार सौ से अधिक घंटियां चुरा ली। इस घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मचा है। चोरी की घटना की सूचना ग्रामीणों ने गुप्तकाशी थाने में दर्ज करा दी है।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/02/image_editor_output_image-1786062997-17077493983872095283320879725790-811x1024.jpg)
जानकारी के अनुसार नागजगई क्षेत्र के पौला गांव नाग बिच्छू का सुप्रसिद्ध मंदिर स्थित है। रविवार सुबह जब ग्रामीण मंदिर की पूजा के लिऐ पहुंचे तो मंदिर परिसर में लगी 400 से अधिक घण्टियां गायब थी। इसके बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों ने तत्काल चोरी की सूचना गुप्तकाशी थाने को दी। क्षेत्र में नाग बिच्छू देवता की बड़ी मान्यता है। दुखी और परेशान जनता नाग बिच्छू देवता के सामने फरियाद रखती है तो देवता तत्काल प्रभाव दिखाते हैं और निराकरण भी करते हैं। ऐसे में देवता के आंगन से घण्टियां चोरी होना विस्मयीकारी है। चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के बयान दर्ज करते हुये कार्यवाही शुरू कर दी है।
वहीं क्षेत्रीय ग्रामीणों का कहना है कि इन दिनों फेरी वालों की आवाजाही एकदम बढ़ गई है। इस घटना में फेरी वालों के शामिल होने से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। वहीं एक माह पूर्व तालजामण गांव के भैरव मंदिर से भी अज्ञात चोरों ने बड़ी संख्या में घण्टियां चुरा ली थी। इसका खुलासा भी अभी तक नहीं हुआ है। मंदिरों में हो रही ये चोरियां आस्था के साथ पहाड़ की शान्त वादियों में अपराध की दस्तक हैं। ग्रामीणों ने शीघ्र ही उक्त चोरियों का खुलासा करने की मांग की है।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/02/image_editor_output_image-1786062997-17077494165445927670679707683297-875x1024.jpg)