अलकनंदा नदी के आगोश में कोटेश्वर महादेव स्थित गुफा
केदारनाथ धाम सहित अन्य शिवालयों में उमड़ी रही भीड़
रुद्रप्रयाग। सावन मास के पांचवें सोमवार को केदारनाथ समेत जनपद के शिवालय हर हर महादेव के जयकारों से गूंज उठे। बारिश के बीच भक्तों ने मंदिरों में भगवान शिव का पूजा अर्चना के साथ जलाभिषेक किया। साथ ही अपने परिवार की सुख समृद्धि की कामना भी की। कोटेश्वर में सुरक्षा को देखते हुए पुलिस बल तैनात रहा।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/08/IMG-20230814-WA0160-1024x768.jpg)
पांचवें सोमवार को केदारनाथ धाम में तीर्थपुरोहित एवं यात्रियों ने मंदिर में भोले बाबा का जलाभिषेक के साथ भोले बाबा की विशेष पूजा अर्चना की। जिला मुख्यालय स्थित प्रसिद्ध शिवालय कोटेश्वर मंदिर में सुबह से भक्तों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। जिसके बाद भक्तों नेे अलकनंदा के तट पर स्नान के बाद कोटेश्वर गुफा मंदिर में भोले बाबा के दर्शन कर पूजा अर्चना की तथा भोले बाबा का जलाभिषेक व बेलपत्री चढ़ाई। इस दौरान कई भक्तों ने ब्राह्मणों के हाथों वर्षफलों का पूजा अर्चन भी कराया। जिला मुख्यालय के रुद्रनाथ, पुंडेश्वर, उमरानारायण, सूर्यप्रयाग, गंगतल, विश्वनाथ, ओंकारेश्वर, रुच्छ महादेव आदि मंदिरों में भक्तों की भीड़ दिनभर लगी रही। जिला मुख्यालय समेत तिलवाडा, अगस्त्यमुनि, मयाली, जखोली, चन्द्रापुरी, ऊखीमठ, गुप्तकाशी, फाटा, गौरीकुंड, चोपड़ा, चोपता समेत कई स्थानों पर भक्तों के जयकारों से शिवालय गूंज उठे।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/08/IMG-20230814-WA0159-512x1024.jpg)
वहीं बारिश के बावजूद पवित्र श्रावण मास के पांचवें सोमवार को कोटेश्वर मंे श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। अत्यधिक बारिश के कारण अलकनन्दा नदी का जलस्तर काफी उफान पर था। कोटेश्वर महादेव स्थित गुफा पूरी तरह से अलकनन्दा नदी के आगोश में है। यहां पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, एसडीआरएफ व फायर सर्विस टीम आपदा उपकरणों सहित, जल पुलिस बोट सहित मौजूद है। पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध कुमार घिल्डियाल ने मौके पर पहुंचकर उपस्थित पुलिस बल को निर्देशित किया। किसी भी श्रद्धालु को नदी किनारे न जाने दिया जाए। यहां पर नदी का रौद्र रूप है। साथ ही स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ कर्तव्य निर्वहन के निर्देश दिए।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/08/IMG-20230814-WA0162-1024x975.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/08/IMG-20230814-WA0158-1024x576.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/08/IMG-20230814-WA0157-1024x576.jpg)