मोटरमार्ग की मांग को लेकर ग्रामीणों का क्रमिक अनशन शुरू
छः को पर्यटक स्थल चिरबटिया में करेंगे ग्रामीण चक्काजाम,
रुद्रप्रयाग। मोटरमार्ग निर्माण की मांग को लेकर लुठियाग के ग्रामीणों ने क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सड़क की मांग पूरी नहीं होगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। पहले दिन आठ ग्रामीण धरने पर बैठे।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/02/img-20240201-wa01031183151721092916915-1024x768.jpg)
तयशुदा कार्यक्रम के तहत गुरूवार को लुठियाग के ग्रामीण चिरबटिया पंचायत भवन में एकत्रित हुए, जिसके बाद ग्रामीणों ने मोटरमार्ग निर्माण की मांग को लेकर क्रमिक अनशन शुरू किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने कहा कि पिछले 18 वर्षो से गांव को सड़क से जोड़ने की मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक सकारात्मक कार्यवाही नहीं हो पाई है। जिससे ग्रामीणों में खासा रोष बना हुआ है। ग्रामीणों के पूर्व में विधायक, डीएम एवं लोनिवि को ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराने के बाद भी इस संबंध में कोई कार्यवाही नहीं हो सकी। जिससे ग्रामीणों को मजबूरन आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ा है। प्रधान दिनेश सिंह कैंतुरा ने बताया कि वर्ष 2005 से अब तक कई बार मोटरमार्ग निर्माण की सर्वे हो चुकी है, लेकिन आज तक संयुक्त रूप से लोनिवि, राजस्व एवं वन विभाग ने सर्वे नहीं किया है। जबकि शासन से मार्ग निर्माण को लेकर प्रथम चरण का धन लोनिवि को आवंटित भी हो चुकी है।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/02/img-20240201-wa00987528606788907532319-1024x770.jpg)
लोनिवि संयुक्त सर्वे की बात कहकर हर बार पल्ला झाड़ देता है। ग्रामीणों ने कहा कि ग्राम पंचायत में 450 परिवार निवास करते हैं, जिनकी आबादी 1600 के करीब है। सड़क सुविधा नहीं होने से स्वास्थ्य केन्द्र के लिए कई किमी पैदल चलना पड़ता है। बीमार होने पर बुजुर्ग एवं महिला को ले जाने में समस्या होती है। सबसे ज्यादा समस्या प्रसव पीड़ा से परेशान महिला को ले जाने में होती हैं। पालकी के सहारे किसी तरह मरीजों को स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया जाता है। कहा कि यातायात के अभाव में गांव का चहुंमुखी विकास नहीं हो पा रहा है।
कहा कि एक से पांच फरवरी तक ग्रामीणों का क्रमिक अनशन रहेगा। इसके बाद छः को चिरबटिया में चक्काजाम किया जायेगा और सात फरवरी से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू किया जायेगा। इस मौके पर सड़क निर्माण संघर्ष समिति के अध्यक्ष कुंवर सिंह कैंतुरा, उपाध्यक्ष सैन सिंह मेहरा, सचिव दीपक सिंह कैंतुरा, कोषाध्यक्ष त्रिलोक सिंह कैंतुरा, सलाहकार हरेन्द्र सिंह, सह सलाहकार रूप सिंह, अर्जुन सिंह, सम्पूर्ण सिंह, रूप सिंह, भगवान सिंह सहित कई मौजूद थे।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/02/img-20240201-wa01178300136580581053550-1024x768.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/02/img-20240201-wa01164583313824527148748-1024x768.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/02/img-20240201-wa01224771641289323297094-1024x768.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/02/img-20240201-wa01142179179137685804919-1024x768.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/02/img-20240201-wa01035626438800606556742-1024x768.jpg)