कायाकल्प योजना में रुद्रप्रयाग जिला अस्पताल प्रदेश में अव्वल

Blog
 Image

जिला चिकित्सालय श्रेणी में हासिल किया प्रथम स्थान, 

रणधार पीएचसी और खांखरा आयुष्मान आरोग्य मंदिर भी जिला स्तर पर रहे अव्वल

 

रुद्रप्रयाग। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में रुद्रप्रयाग जनपद ने एक और उपलब्धि हासिल की है। कायाकल्प योजना के तहत जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग ने जिला चिकित्सालय श्रेणी में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया है। इसके अलावा जिला स्तर पर पीएचसी रणधार और आयुष्मान आरोग्य मंदिर खांखरा ने भी अपने-अपने वर्ग में पहला स्थान प्राप्त किया है।

 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने बताया कि कायाकल्प योजना के तहत स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन, स्वच्छ पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था, अस्पताल का रखरखाव, मरीजों को उपलब्ध सुविधाएं, पर्यावरण संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन और संस्थागत प्रबंधन समेत विभिन्न मानकों का मूल्यांकन किया जाता है। इन मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग को वर्ष 2025-26 का कायाकल्प अवार्ड प्रदान किया गया है।

 

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसके द्विवेदी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी और पैथोलॉजिस्ट डॉ. मनीष ने उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में भी जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग कायाकल्प योजना के तहत राज्य स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर चुका है।

 

वहीं, जिला स्तर पर बेस्ट पीएचसी श्रेणी में जखोली ब्लॉक के पीएचसी रणधार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पीएचसी तिलवाड़ा और बसुकेदार को कमेंडेशन अवार्ड से सम्मानित किया गया। इसी तरह सर्वश्रेष्ठ आयुष्मान आरोग्य मंदिर श्रेणी में खांखरा प्रथम तथा जावाड़ी प्रथम रनर अप रहा।

 

सीएमओ डॉ. पारुल गोयल समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सभी विजेता चिकित्सा इकाइयों की टीम को बधाई देते हुए स्वच्छता, गुणवत्ता और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देने की अपील की।