उमंग सहकारिता की AGM में महिलाओं का सम्मान, 388 सदस्यों को बांटा लाभांश

Blog
 Image

पौड़ी।विकासखंड पौड़ी सभागार में मंगलवार को उमंग स्वायत्त सहकारिता की वार्षिक आम सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में सहकारिता की उपलब्धियों, आय-व्यय और आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा की गई। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करने के साथ ही 388 महिला सदस्यों को एक-एक हजार रुपये का लाभांश वितरित किया गया।

 

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी रहीं। विशिष्ट अतिथि खंड विकास अधिकारी दृष्टि आनंद तथा रीप जिला कार्यालय से आशुतोष कौशिक, धनीलाल उनियाल और कीर्ति गुसाईं मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं स्वागत गीत के साथ हुआ। संचालन मधु कुकशाल ने किया।

 

वार्षिक आम सभा में बिजनेस प्रमोटर आकाश गुसाईं ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में सहकारिता द्वारा किए गए कार्यों, आय-व्यय और अर्जित लाभ का लेखा-जोखा सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष में सहकारिता को व्यवसाय से करीब छह लाख रुपये का लाभ हुआ है।

 

सहकारिता ने अपने लाभ में महिला सदस्यों को हिस्सेदार बनाते हुए 388 महिलाओं को प्रति महिला एक हजार रुपये की दर से कुल 3.88 लाख रुपये का लाभांश वितरित किया। लाभांश मिलने पर महिला सदस्यों में उत्साह नजर आया।

 

इस अवसर पर व्यक्तिगत उद्यम के तहत मशरूम यूनिट स्थापित करने के लिए आशा देवी और रवीना देवी को 30 से 40 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए। व्यक्तिगत उद्यम के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर साधना देवी, शांति देवी और सुशीला देवी को सम्मानित किया गया। वहीं अल्ट्रा पुअर श्रेणी में प्रतिमा देवी और रश्मि देवी तथा उत्कृष्ट समूह के लिए नगदेवता समूह को सम्मानित किया गया।

 

मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी ने कहा कि सहकारिता के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने स्थानीय स्तर पर महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने पर जोर दिया।

 

खंड विकास अधिकारी दृष्टि आनंद ने कहा कि सहकारिता ग्रामीण महिलाओं को उद्यम स्थापित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाते हुए स्वरोजगार को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

 

नए निदेशक मंडल का गठन

 

वार्षिक आम सभा के दौरान उमंग स्वायत्त सहकारिता के नए निदेशक मंडल का भी गठन किया गया। इसमें उमा देवी को अध्यक्ष, दुर्गा देवी को कोषाध्यक्ष और दिगंबरी देवी को सचिव चुना गया। इसके अलावा प्रियंका, साधना, बबिता देवी, मंगली देवी सहित अन्य सदस्यों को निदेशक मंडल में शामिल किया गया।

 

इस अवसर पर मोहन, विजय बिष्ट, आशा देवी, ज्योति, गीता देवी, आशा देवी सहित सहकारिता से जुड़ी महिलाएं एवं अन्य लोग मौजूद रहे।