होमगार्ड की तर्ज पर मूल वेतन और डीए देने के साथ 365 दिन रोजगार की मांग, अधिकारियों को दी गई सूचना
रुद्रप्रयाग। दो सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेशभर के पीआरडी जवानों ने सोमवार से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। जनपद रुद्रप्रयाग में भी पीआरडी हित संगठन के बैनर तले जवानों ने कार्य बहिष्कार का निर्णय लेते हुए शासन-प्रशासन के खिलाफ आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। जवानों का कहना है कि लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर शासन-प्रशासन से गुहार लगाई जा रही है, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई है।
पीआरडी जवानों की प्रमुख मांगों में होमगार्ड जवानों की तर्ज पर मूल वेतन के साथ महंगाई भत्ता (डीए) दिए जाने और वर्षभर यानी 365 दिन नियमित रोजगार उपलब्ध कराने की मांग शामिल है। जवानों का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था में उन्हें पूरे वर्ष रोजगार नहीं मिल पाता, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट बना रहता है।
संगठन के जिलाध्यक्ष भरत बैरवाण, जिला उपाध्यक्ष प्रेम भेतवाल और कोषाध्यक्ष सुनील बैरवाण ने बताया कि प्रांतीय रक्षक दल संगठन की ओर से कार्य बहिष्कार के संबंध में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को लिखित रूप से अवगत करा दिया गया है। साथ ही विभागों और संस्थानों से अपनी वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। इस दौरान पवन कुमार, दरम्यान, जसपाल, हरीश लाल, मनोज गैरोला, नीरज नौटियाल, प्रकाश धनाई, भुवनेश और दीपक गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों में तैनात बड़ी संख्या में पीआरडी स्वयंसेवक मौजूद रहे।

