govt-ads

जनता दरबार में डीएम ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, सात शिकायतों में दो का मौके पर निस्तारण

Blog
 Image

सीएम हेल्पलाइन की 213 लंबित शिकायतों और जिला योजना की प्रगति की समीक्षा, लापरवाही पर अधिकारियों का वेतन रोकने की चेतावनी,

रूद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनता दरबार (जनता मिलन कार्यक्रम) आयोजित किया गया। इसमें जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जनता दरबार में कुल सात शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से दो का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने पूर्व में आयोजित जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों पर हुई कार्रवाई की भी समीक्षा की।

 

जनता दरबार में ग्राम नारी निवासी बीर सिंह ने मकान के ऊपर पेड़ होने से भवन को खतरा उत्पन्न होने की शिकायत करते हुए पेड़ कटवाने की मांग की। वहीं वार्ड संख्या छह के हीत डांग मोहल्ला निवासी राजेंद्र सिंह ने मकान के पीछे नगर पालिका की दीवार से कच्ची नाली का पानी रिसने के कारण भवन में सीलन आने और मकान को खतरा होने की समस्या उठाई। इसके अलावा ग्राम कंडारा निवासी प्रमोद राणा ने पेंशन दिलाने की मांग सहित अन्य फरियादियों ने भी विभिन्न समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

इसके बाद जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। समीक्षा में एल-1 स्तर पर 173 और एल-2 स्तर पर 40 शिकायतें लंबित पाई गईं। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही शिकायतों पर की गई कार्रवाई की जानकारी संबंधित शिकायतकर्ताओं को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने को कहा। 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों पर विशेष नाराजगी जताते हुए उन्होंने आगामी सोमवार को इनकी प्रगति की दोबारा समीक्षा करने के निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने जिला योजना के अंतर्गत विभिन्न विभागों की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने विभागों को आवंटित धनराशि के सापेक्ष किए गए व्यय और निर्माण एवं विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। कुछ विभागों की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि विकास कार्यों और निर्धारित लक्ष्यों में लापरवाही बरतने तथा संतोषजनक प्रगति नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों का वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में आमजन की समस्याओं को सुनने और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक सोमवार को जनता दरबार आयोजित किया जा रहा है। प्रशासन की प्राथमिकता है कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।

 

जनता दरबार के बाद जनगणना के द्वितीय चरण के तहत स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया को लेकर ऑनलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वगणना की प्रक्रिया और इसमें दर्ज की जाने वाली आवश्यक जानकारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने सभी कार्यालयाध्यक्षों को अपने-अपने कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों की स्वगणना प्रक्रिया पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने जनगणना कार्य में सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने के साथ सभी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

 

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिलेश मिश्रा, जिला पंचायती राज अधिकारी प्रेम सिंह रावत, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट, एआरटीओ धर्मेंद्र सिंह बिष्ट, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग ओंकार पांडे, प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी मनोज चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।