रिपोर्ट : लक्ष्मण सिंह नेगी
भगवान कार्तिकेय की तपस्थली में दिनभर गूंजे जयकारे, रात्रि में चार पहर की विशेष आरतियों के साथ होगा अखंड जागरण,
पौराणिक मान्यता : कैलाश से पुत्र कार्तिकेय से मिलने आते हैं भगवान शिव और माता पार्वती,
ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। देव सेनापति भगवान कुमार कार्तिकेय की पावन तपस्थली क्रौंच पर्वत वैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर भक्ति और आस्था के रंगों से सराबोर हो उठा। यहां वैकुंठ चतुर्दशी का पर्व देव दीपावली के रूप में पारंपरिक श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। भगवान कार्तिकेय के दर्शन एवं विशेष पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा। मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ के बीच भगवान कार्तिकेय के जयकारे गूंजते रहे और संपूर्ण क्रौंच पर्वत का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
क्रौंच पर्वत में वैकुंठ चतुर्दशी का पर्व विशेष धार्मिक, आध्यात्मिक और पौराणिक महत्व रखता है। मान्यता है कि देव सेनापति भगवान कुमार कार्तिकेय ने इसी पवित्र पर्वत पर कठोर तपस्या की थी। इसी कारण यह स्थल उनकी तपस्थली और साधना भूमि के रूप में विख्यात है। यहां वैकुंठ चतुर्दशी पर देव दीपावली मनाने की परंपरा सदियों पुरानी लोक आस्था और धार्मिक मान्यताओं से जुड़ी हुई है।
पौराणिक मान्यता के अनुसार वैकुंठ चतुर्दशी की पावन तिथि पर भगवान शिव और माता पार्वती कैलाश पर्वत से अपने पुत्र भगवान कार्तिकेय से मिलने कुमार लोक पहुंचते हैं। इसी दिव्य मान्यता के चलते क्रौंच पर्वत में इस पर्व का विशेष महत्व है। श्रद्धालु इस दिन भगवान कार्तिकेय के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करते हैं और अपने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं क्षेत्र की उन्नति की कामना करते हैं।
पर्व के अवसर पर मंदिर परिसर में दीप प्रज्ज्वलित कर देव दीपावली की परंपरा का निर्वहन किया गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान कार्तिकेय के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा व्यक्त की। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे भक्तों की मौजूदगी ने धार्मिक आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।
वैकुंठ चतुर्दशी की रात्रि में धार्मिक अनुष्ठानों का विशेष आयोजन होगा। परंपरा के अनुसार रात्रि के चारों पहरों में चार विशेष आरतियां उतारी जाएंगी। प्रत्येक पहर में विधि-विधान से आरती कर देवी-देवताओं का आवाहन किया जाएगा। इसके साथ ही मंदिर में पूरी रात अखंड जागरण होगा। इस दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन, देव स्तुति और धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से भगवान कार्तिकेय की आराधना करेंगे। रात्रि जागरण और चार पहर की आरतियां इस पावन पर्व के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
कार्तिकेय मंदिर समिति के अध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी ने बताया कि क्रौंच पर्वत पर वैकुंठ चतुर्दशी का आयोजन क्षेत्र की समृद्ध धार्मिक विरासत, पौराणिक परंपराओं और लोक आस्था का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का पहुंचना भगवान कार्तिकेय के प्रति उनकी अगाध श्रद्धा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस धार्मिक परंपरा के संरक्षण और संवर्धन से क्रौंच पर्वत की आध्यात्मिक पहचान को नई मजबूती मिल रही है।

