रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग के बसुकेदार क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य में लगी पोकलैंड मशीन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मशीन अनियंत्रित होकर ट्रॉला से नीचे गिरते हुए सड़क से करीब 10 मीटर नीचे पलट गई। हादसे में मशीन चालक घायल हो गया। सूचना मिलते ही डीडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल को रेस्क्यू किया और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बसुकेदार पहुंचाया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि रविवार, 23 अगस्त को बसुकेदार बाजार से करीब 100 मीटर आगे यह हादसा हुआ। घायल की पहचान रोशन लाल (47), पुत्र लूथी लाल, निवासी डालसिंगी, बसुकेदार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार पोकलैंड मशीन को छेनागाड़ से ट्रॉला के माध्यम से विनो बैंड के पास बाधित मोटर मार्ग को खोलने के लिए ले जाया जा रहा था। बसुकेदार के समीप अचानक मशीन ट्रॉला से नीचे गिर गई और सड़क से करीब 10 मीटर नीचे पलट गई। मशीन निजी तौर पर किराये पर ली गई थी।
हादसे की सूचना पर डीडीआरएफ बसुकेदार की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घटना में किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की टीम घटना की जानकारी जुटा रही है।

