तीन ग्राम पंचायतों में लगेंगे “सरकार जनता के द्वार” के शिविर, मौके पर सुनी जाएंगी ग्रामीणों की समस्याएं,

Blog
 Image

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में जनपद में “सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम के तहत अधिकारियों का ग्राम भ्रमण एवं जन चौपाल आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर सुनकर उनका यथासंभव मौके पर निस्तारण करना तथा उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम के तहत 25 अगस्त को अधिशासी अभियंता जल संस्थान संदीप चतुर्वेदी विकासखंड जखोली की ग्राम पंचायत बरसिर में ग्रामीणों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद 29 अगस्त को महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र महेश प्रकाश विकासखंड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत बीना में तथा 31 अगस्त को मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष रावत ग्राम पंचायत खत्याणा में ग्रामीणों के साथ बैठक करेंगे।

तीनों ग्राम पंचायतों में आयोजित होने वाली बैठकों का समय प्रातः 11 बजे निर्धारित किया गया है। इन बैठकों में ग्रामीण अपनी समस्याएं एवं शिकायतें संबंधित अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे। अधिकारियों द्वारा समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर स्थानीय स्तर पर समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।

जिला प्रशासन की ओर से संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर स्वयं अथवा अपने अधीनस्थ अधिकारी-कर्मचारी को बैठक में प्रतिभाग करने के लिए भेजना सुनिश्चित करें, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का प्रभावी ढंग से निस्तारण किया जा सके और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में आवश्यक सहयोग मिल सके।