govt-ads

मदमहेश्वर मेले के अंतिम दिन कलश संस्था के कवियों ने बांधा समां, गढ़वाली हास्य कविताओं पर खूब गुदगुदाए दर्शक

Blog
 Image

लोकभाषा, लोकसंस्कृति और पहाड़ की परंपराओं पर आधारित कविताओं ने बटोरी खूब वाहवाही

 

ऊखीमठ। तीन दिवसीय मदमहेश्वर मेले के अंतिम दिन कलश साहित्यिक संस्था के कवियों ने अपनी शानदार काव्य प्रस्तुतियों से खूब रंग जमाया। कवि सम्मेलन में गढ़वाली हास्य, व्यंग्य और लोक संस्कृति से जुड़ी कविताओं ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया। कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से पहाड़ की संस्कृति, सामाजिक परिस्थितियों, राजनीतिक व्यवस्था और पारिवारिक रिश्तों को शब्दों में पिरोकर श्रोताओं के सामने रखा।

 

कलश साहित्यिक संस्था की ओर से आयोजित कवि सम्मेलन का संयोजन ओम प्रकाश सेमवाल ने किया। कार्यक्रम में कवियों ने गढ़वाली भाषा में एक से बढ़कर एक रचनाएं प्रस्तुत कीं। ओम प्रकाश सेमवाल ने पहाड़ की धरती, गीतों और सर्द हवाओं को समर्पित रचना प्रस्तुत कर लोक संस्कृति की खूबसूरती को बयां किया।

 

वहीं मुरली दीवान ने अपनी व्यंग्यात्मक कविता के माध्यम से राजनीतिक व्यवस्था और नेताओं पर कटाक्ष किया। जगदम्बा प्रसाद चमोला ने पहाड़ में बग्वाल के उल्लास और परंपराओं को अपनी कविता में जीवंत किया। विनोद पंवार ने समय के बदलाव और जीवन की परिस्थितियों पर आधारित रचना सुनाई, जबकि अश्विनी गौड़ ने पहाड़ की बदलती ऋतुओं और परंपराओं को कविता के माध्यम से प्रस्तुत किया।

 

कवयित्री उपासना सेमवाल ने 'बेटि बिराणि किलै बणायि' रचना के जरिए बेटियों को पराया मानने की सामाजिक सोच पर सवाल उठाए। उनकी प्रस्तुति ने श्रोताओं को भावुक करने के साथ सामाजिक चिंतन के लिए भी प्रेरित किया।

 

कवि सम्मेलन में हास्य, व्यंग्य और संवेदनाओं का ऐसा संगम देखने को मिला कि दर्शक देर तक कवियों की प्रस्तुतियों का आनंद लेते रहे। गढ़वाली भाषा में प्रस्तुत रचनाओं ने एक बार फिर साबित किया कि लोकभाषा साहित्य और संस्कृति को जीवंत रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। मदमहेश्वर मेले के अंतिम दिन आयोजित इस कवि सम्मेलन ने तीन दिवसीय आयोजन को यादगार बना दिया।