ग्राम नाला में पशुपालक जागरूकता शिविर आयोजित, 56 पशुपालकों ने किया प्रतिभाग,
45 महिला पशुपालकों की रही भागीदारी, पशुओं के बेहतर पोषण के लिए 80 किलो चारा बीज वितरित,
रुद्रप्रयाग। पशुपालन विभाग की ओर से सोमवार 12 अक्टूबर को ग्राम नाला में पशुपालक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा के नेतृत्व एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष रावत के निर्देश पर पशु चिकित्सालय गुप्तकाशी द्वारा आयोजित शिविर में कुल 56 पशुपालकों ने प्रतिभाग किया, जिनमें 45 महिला पशुपालक शामिल रहीं। इस दौरान जनप्रतिनिधि के रूप में नाला के सभासद और पूर्व ग्राम प्रधान भी मौजूद रहे।
शिविर में पशुपालकों को पशुपालन विभाग की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र पशुपालकों को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। पशुओं को संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए समय पर टीकाकरण कराने के महत्व और इससे संबंधित आवश्यक जानकारियां भी साझा की गईं।
पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. बबलू कुमार ने पशुओं के बेहतर पोषण और हरे चारे की उपलब्धता बढ़ाने पर जोर दिया। इस उद्देश्य से शिविर में पशुपालकों को कुल 80 किलोग्राम चारा बीज वितरित किया गया। इसमें 75 किलोग्राम जई और पांच किलोग्राम बरसीम का बीज शामिल रहा।
उन्होंने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों को विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूक करना, पशुधन के स्वास्थ्य एवं पोषण में सुधार लाना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को अधिक लाभकारी बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
शिविर में पशुपालकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। इस अवसर पर पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. बबलू कुमार, पशुधन प्रसार अधिकारी वीरेंद्र कोटवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

