नारी सम्मान से समझौता नहीं, महिला अस्मिता के अपमान पर भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन,
राहुल गांधी का पुतला दहन कर जताया विरोध, महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा का लिया संकल्प,
रुद्रप्रयाग। नारी सम्मान, स्वाभिमान और गरिमा के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने रुद्रप्रयाग में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने आक्रोश व्यक्त करते हुए महिलाओं के सम्मान और अस्मिता की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने कहा कि महिलाओं का सम्मान किसी राजनीतिक दल तक सीमित विषय नहीं, बल्कि समाज की गरिमा, संस्कार और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रश्न है। महिलाओं के सम्मान से जुड़ी किसी भी टिप्पणी अथवा आचरण को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। नारी की गरिमा और स्वाभिमान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
महिला मोर्चा ने कांग्रेस नेतृत्व से महिलाओं के सम्मान के प्रति अपना दृष्टिकोण स्पष्ट करने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए आवाज उठाना समाज के प्रत्येक जागरूक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला अस्मिता से जुड़े मुद्दों पर महिला मोर्चा अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा। प्रदर्शन के माध्यम से महिला मोर्चा ने संदेश दिया कि नारी सम्मान सर्वोपरि है और महिलाओं की गरिमा एवं अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन निरंतर संघर्षरत रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुमन जमलोकी, जिला पंचायत सदस्य निर्मला बहुगुणा, सरोज राणा, जयवर्धन कांडपाल, गंभीर बिष्ट, अमित मैखंडी, जिला महामंत्री अर्चना चमोली, सुषमा देवी, मधु भट्ट, बबीता रमोला, पुष्पा किमोठी, कलावती पुरोहित, कुशला मैठाणी, कंचन और वर्षा पंवार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

