उखीमठ/रुद्रप्रयाग। नगर पंचायत उखीमठ को सौंदर्यीकरण की दिशा में नई सौगात मिली है। भारत सेवाश्रम तिराहे पर नव निर्मित ऊषा अनिरुद्ध पार्क का विधिवत उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कुब्जा धर्म्वाण ने किया। पार्क के निर्माण से नगर के प्रमुख तिराहे को आकर्षक एवं व्यवस्थित स्वरूप मिलने के साथ ही स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों के लिए एक सुंदर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हुआ है।
उद्घाटन अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कुब्जा धर्म्वाण ने कहा कि नगर क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाना नगर पंचायत की प्राथमिकता है। नगर के प्रमुख स्थलों और प्रवेश मार्गों को व्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप देने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत सेवाश्रम तिराहे पर विकसित ऊषा अनिरुद्ध पार्क नगर की सुंदरता में चार चांद लगाने के साथ स्थानीय नागरिकों और यहां पहुंचने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।
सभासद सरला रावत ने कहा कि धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण उखीमठ में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में नगर के प्रमुख तिराहों, प्रवेश मार्गों और सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण बेहद जरूरी है। पार्क के निर्माण से क्षेत्र को हरित एवं सुंदर वातावरण मिलने के साथ नगर की पहचान को भी नया आयाम मिलेगा।
पार्क के उद्घाटन को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखने को मिला। नागरिकों ने नगर पंचायत के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों का विकास और सौंदर्यीकरण नगर की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। पार्क के विकसित होने के बाद भारत सेवाश्रम तिराहे का स्वरूप भी पहले की अपेक्षा अधिक आकर्षक और व्यवस्थित नजर आने लगा है।
अधिशासी अधिकारी सुनील वर्मा ने कहा कि नगर पंचायत द्वारा आने वाले समय में नगर के अन्य प्रमुख स्थलों को भी बेहतर स्वरूप देने के साथ नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऊषा अनिरुद्ध पार्क का निर्माण नगर के सौंदर्यीकरण अभियान में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर सभासद प्रदीप धर्म्वाण, बलवीर पंवार, मीरा देवी, दर्शन नेगी, बबीता भट्ट, वीरेंद्र धर्म्वाण, परमवीर राणा, दलवीर रावत, महेंद्र रावत, राजवर्धन सहित नगर पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

