नुक्कड़ नाटक के जरिए बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के प्रति किया जागरूक, संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर ली शपथ,
रुद्रप्रयाग। संविधान दिवस के अवसर पर राजकीय महाविद्यालय जखोली में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान के निर्माण, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की विस्तृत जानकारी देकर उन्हें संवैधानिक अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया।
यह कार्यक्रम उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश श्रीमती नीना अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती पायल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव श्रीमती पायल सिंह ने भारतीय संविधान के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, स्वतंत्रता और समानता की रक्षा करने के साथ ही उसे सामाजिक एवं राष्ट्रीय जिम्मेदारियों का बोध भी कराता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान में निहित आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने, कानून का सम्मान करने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सचिव महोदया ने महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों एवं अन्य उपस्थित लोगों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया। साथ ही सभी ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों एवं आदर्शों के प्रति निष्ठा रखते हुए उनके पालन की शपथ ली।
कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पराविधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के दुष्परिणामों को उजागर करते हुए प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से बाल विवाह से बच्चों के जीवन, शिक्षा और भविष्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों को दर्शाते हुए इस कुप्रथा को रोकने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति से आगे आने की अपील की गई।
इसके अतिरिक्त उपस्थित लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली, पात्र व्यक्तियों को मिलने वाली निःशुल्क विधिक सहायता तथा इसके लिए आवेदन करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की टोल फ्री विधिक सहायता हेल्पलाइन 15100 के बारे में बताते हुए जरूरतमंद लोगों से कानूनी सहायता के लिए इसका लाभ उठाने की अपील की गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में संवैधानिक जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें उनके अधिकारों, कर्तव्यों और कानूनी संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा

