05.10.2026 ADVT

अपर पीसीएस परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी

Blog
                        Image

29 नवंबर को दो पालियों में होगी प्रारंभिक परीक्षा, 67 पदों के लिए होगी चयन प्रक्रिया, निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश,

 

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा (अपर पीसीएस) प्रारंभिक परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 29 नवंबर (रविवार) को जनपद में आयोजित होने वाली परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जिला कार्यालय में संबंधित अधिकारियों एवं उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। सेक्टर अधिकारियों को आवंटित जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से पालन करने तथा परीक्षा के दौरान आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, आवश्यक पुलिस बल तैनात करने तथा केंद्रों के आसपास सतर्क निगरानी रखने को कहा। साथ ही उड़नदस्तों को सक्रिय रखते हुए परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी अथवा अनियमितता की आशंका पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, विद्युत, स्वच्छता सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखने को भी कहा।

 

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित अपर पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा 29 नवंबर को दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक सामान्य अध्ययन (जीएस) तथा दूसरी पाली में अपराह्न 2 बजे से शाम 4 बजे तक सामान्य अभिरुचि (एप्टीट्यूड) की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से कुल 67 पदों पर चयन किया जाना है।

 

बैठक में पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, अपर जिलाधिकारी कमलेश मेहता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल, मुख्य शिक्षा अधिकारी अजय कुमार चौधरी, जिला समाज कल्याण अधिकारी टीआर मलेठा, जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली, तहसीलदार रुद्रप्रयाग जगदीश नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं आयोग के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Rohit Dimri - 22.11.2026- 1
Rohit Dimri - 22.11.2026- 2
Rohit Dimri - 22.11.2026- 3