जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने ईवीएम डेमोस्ट्रेशन प्रक्रिया का लिया जायजा, स्वयं भी किया मॉक मतदान,
जिले में चार स्थानों पर बनाए गए डेमोस्ट्रेशन सेंटर, गांव-गांव तक जागरूकता के लिए दो मोबाइल वैन तैनात,
रुद्रप्रयाग। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जनपद के मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वोटर वेरिफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। 25 नवंबर 2026 से शुरू हुए इस अभियान के माध्यम से मतदाताओं को मतदान की पूरी प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ ही उन्हें स्वयं मॉक मतदान का अवसर भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
अभियान के तहत ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) पूरी होने के बाद भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुसार प्रशिक्षण एवं जागरूकता के लिए 30 बैलेट यूनिट, 30 कंट्रोल यूनिट और 30 वीवीपैट मशीनें निर्धारित की गई हैं। इन मशीनों की सूची मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों के साथ साझा की गई है। प्रशिक्षण एवं जागरूकता के लिए निर्धारित मशीनों को निर्वाचन आयोग के प्रोटोकॉल के अनुरूप अलग गोदाम में सुरक्षित रखा जाएगा।
इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने जिला कार्यालय में ईवीएम डेमोस्ट्रेशन की प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से जागरूकता अभियान की प्रगति और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही स्वयं ईवीएम के माध्यम से मतदान करने का अभ्यास कर इसकी प्रक्रिया को समझा।
मतदाताओं की सुविधा के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय सहित उप जिलाधिकारी कार्यालय ऊखीमठ, रुद्रप्रयाग और जखोली में ईवीएम डेमोस्ट्रेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर पहुंचकर आम नागरिक ईवीएम एवं वीवीपैट के संचालन और मतदान की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही वे स्वयं मॉक मतदान में प्रतिभाग कर अपनी शंकाओं का समाधान भी कर सकते हैं।
वहीं, जनपद के दोनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में दो मोबाइल डेमोस्ट्रेशन वैन तैनात की गई हैं। ये वैन गांवों, मोहल्लों, वार्डों, मतदान केंद्रों और विभिन्न क्लस्टरों में पहुंचकर मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट के उपयोग और मतदान प्रक्रिया की जानकारी देंगी। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के मतदाताओं को भी जागरूकता अभियान से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
प्रशासन के अनुसार यह अभियान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की घोषणा किए जाने तक जारी रहेगा। निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के बाद ईवीएम एवं वीवीपैट से संबंधित जागरूकता गतिविधियां केवल डिजिटल माध्यमों से संचालित की जाएंगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने जनपद के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने नजदीकी डेमोस्ट्रेशन सेंटर अथवा मोबाइल डेमोस्ट्रेशन वैन के माध्यम से मतदान प्रक्रिया की जानकारी अवश्य प्राप्त करें और अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका है। जागरूक मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला हैं।

