जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश, एचआईवी संक्रमित बच्चों की सूची तैयार कर पोषण सामग्री उपलब्ध कराने को कहा,,
रुद्रप्रयाग। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने और केंद्र एवं राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, मिशन एड्स सुरक्षा, एचआईवी-एड्स, सिफलिस, राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम तथा राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ ही उनकी नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीकरण, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संस्थागत प्रसव तथा नवजात शिशुओं को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी होनी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी जटिलता का समय रहते उपचार किया जा सके।
मिशन एड्स सुरक्षा एवं एचआईवी-एड्स कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने संक्रमण की रोकथाम के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों और समय पर जांच एवं उपचार के प्रति जागरूक किया जाए। साथ ही बीमारी को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों और भेदभाव को दूर करने के लिए भी प्रभावी प्रयास किए जाएं।
सिफलिस नियंत्रण कार्यक्रम के तहत विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं की समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने तथा संक्रमण की पुष्टि होने पर तत्काल समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने एचआईवी संक्रमित बच्चों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताते हुए उनकी सूची तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा, ताकि उन्हें आवश्यक पोषण सामग्री एवं अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उन्होंने हेपेटाइटिस की रोकथाम, समयबद्ध जांच और उपचार संबंधी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। वहीं, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत संभावित टीबी मरीजों की पहचान, समय पर जांच, उपचार की निरंतरता और उपचाराधीन मरीजों की नियमित निगरानी पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के माध्यम से क्षय रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाए, जिससे अधिक से अधिक संभावित मरीज जांच और उपचार के लिए आगे आएं।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने, स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल, एसीएमओ डॉ. सीमा टेकचंदानी, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. कुणाल चौधरी सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

