govt-ads

बर्फ की सफेद चादर में लिपटी केदारपुरी, कड़ाके की ठंड के बीच भी आस्था का सैलाब बरकरार

Blog
 Image

केदारनाथ धाम में रात्रि एवं भोरकाल में फिर हुई बर्फबारी, बर्फ से ढकी हिमालय की चोटियों ने बढ़ाई धाम की दिव्यता,

यात्रा समापन में अब महज 9 दिन शेष, 18 लाख 85 हजार से अधिक श्रद्धालु कर चुके बाबा केदार के दर्शन,

रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ की नगरी एक बार फिर बर्फ की सफेद चादर में लिपट गई है। केदारनाथ धाम में रात्रि एवं भोरकाल के दौरान हुई ताजा बर्फबारी से संपूर्ण केदारपुरी का नजारा बेहद मनमोहक हो गया। बर्फ से ढकी हिमालय की ऊंची चोटियां और सफेद बर्फ से आच्छादित धाम की वादियां श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही हैं। मौसम में बढ़ती ठंड और लगातार हो रही बर्फबारी के बावजूद बाबा केदार के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई है।

 

बर्फबारी थमने के बाद धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही फिर तेज हो गई है। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंच रहे श्रद्धालु पैदल मार्ग, घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी और हेली सेवा के माध्यम से केदारपुरी पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन कर रहे हैं। बर्फबारी के बीच धाम का दिव्य एवं आध्यात्मिक वातावरण श्रद्धालुओं को विशेष अनुभूति करा रहा है। श्रद्धालु बाबा के दर्शन के साथ बर्फ से ढकी चोटियों और प्राकृतिक सौंदर्य को भी अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं।

 

वर्ष 2026 की केदारनाथ धाम यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है। यात्रा समापन में महज 9 दिन शेष रह गए हैं। आगामी 11 नवंबर को भैयादूज के पावन अवसर पर प्रातः 8:30 बजे भगवान केदारनाथ के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही छह माह तक बाबा केदार की पूजा-अर्चना शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में संपन्न होगी। इसके बावजूद यात्रा के अंतिम दिनों में भी श्रद्धालुओं का धाम पहुंचने का सिलसिला जारी है। अब तक कुल 18 लाख 85 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर पुण्य अर्जित कर चुके हैं।

 

इधर, मौसम में लगातार हो रहे बदलाव और बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन भी यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर सतर्क है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए धाम में ठहरने, भोजन, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। वहीं रुद्रप्रयाग पुलिस स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और यात्रा को सुचारु बनाए रखने में जुटी हुई है।

 

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि केदारनाथ धाम में लगातार बढ़ रही ठंड और बर्फबारी को देखते हुए पर्याप्त गर्म कपड़े साथ लेकर आएं। यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें तथा अपनी शारीरिक क्षमता और मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा करें। उन्होंने श्रद्धालुओं से पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील भी की है।

 

बर्फबारी से निखरी केदारपुरी की खूबसूरती और बाबा केदार के दर्शन के लिए उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मौसम की चुनौतियां भी श्रद्धा और विश्वास के आगे छोटी पड़ जाती हैं।