govt-ads

राइका जयंती कोठियाडा में धूमधाम से मनाया अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस

Blog
 Image

पेंटिंग, मेहंदी, रंगोली और नृत्य प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा, बालिका शिक्षा व अधिकारों के प्रति किया जागरूक,

जखोली (रुद्रप्रयाग)। राजकीय इंटर कॉलेज जयंती कोठियाडा में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

 

कार्यक्रम के तहत पेंटिंग, मेहंदी, रंगोली और नृत्य प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छात्राओं ने अपनी कला, रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा के माध्यम से सभी का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्राओं को अपनी प्रतिभा निखारने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिला।

 

कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना जखोली के ब्लॉक समन्वयक बलराम कोठारी ने छात्राओं को विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए बालिका शिक्षा, उनके अधिकारों और महिला सशक्तीकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने लिंग परीक्षण पर रोक तथा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बालिकाओं को शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को संवारने के लिए प्रेरित किया।

 

इस अवसर पर जिला सहायक पोषण मिशन सोनम भंडारी, प्रियांशु सिंह, क्षेत्रीय सुपरवाइजर और विद्यालय के शिक्षकों ने भी अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के महत्व पर अपने विचार रखे। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा, समान अवसर और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करते हुए जीवन में अपने लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। प्रधानाचार्य ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और प्रतिभागी छात्राओं का आभार व्यक्त किया।