केदारनाथ धाम में धरनारत कर्मचारियों के पक्ष में उठी आवाज, सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग
रुद्रप्रयाग। बीकेटीसी के कर्मचारियों द्वारा नियमितीकरण की मांग को लेकर किए जा रहे धरने को उत्तराखंड क्रांति दल के डॉ. आशुतोष भण्डारी और मूल निवास-भू-कानून संघर्ष समिति के केदारनाथ अध्यक्ष राहुल बहुगुणा ने समर्थन दिया। दोनों ने आंदोलनरत कर्मचारियों की मांगों को न्यायोचित बताते हुए सरकार से नियमितीकरण के मामले में शीघ्र सकारात्मक पहल करने की मांग की।
इस दौरान डॉ. आशुतोष भण्डारी ने कहा कि बीकेटीसी के कर्मचारी लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में नियमितीकरण की मांग उनके भविष्य और सेवा सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना और उनकी न्यायोचित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेना सरकार एवं संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक व्यवस्था में बीकेटीसी कर्मचारियों की अहम भूमिका है। विश्वप्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम में व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में इन कर्मचारियों का योगदान महत्वपूर्ण है। ऐसे में उनके हितों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।
डॉ. भण्डारी और राहुल बहुगुणा ने धरनारत कर्मचारियों के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए कहा कि नियमितीकरण की मांग पर शीघ्र निर्णय लिया जाना चाहिए, ताकि कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा मिल सके और उनकी समस्याओं का न्यायपूर्ण समाधान हो।
उत्तराखंड क्रांति दल ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों के अधिकारों, सम्मान और सेवा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।

