सार्वजनिक शौचालयों का निरीक्षण, स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश,

Blog
 Image

रुद्रप्रयाग। ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत मंगलवार को नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग की ओर से नगर क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान सार्वजनिक शौचालयों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, स्वच्छता व्यवस्था, आवश्यक सुविधाओं और रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया गया।

 

अभियान के दौरान नगर क्षेत्र के सार्वजनिक शौचालयों की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए संबंधित कार्मिकों को नियमित साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नगर क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

 

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी हरेन्द्र चौहान ने बताया कि ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का उद्देश्य नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के साथ ही आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक शौचालयों का स्वच्छ और सुरक्षित होना स्वस्थ समाज के लिए आवश्यक है। इसके लिए नियमित निरीक्षण और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

 

उन्होंने नागरिकों से सार्वजनिक शौचालयों का सही उपयोग करने, उन्हें स्वच्छ रखने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के बिना स्वच्छ और सुंदर रुद्रप्रयाग की परिकल्पना साकार नहीं हो सकती।

 

नगर पालिका की ओर से लोगों से ‘स्वच्छ रुद्रप्रयाग, स्वस्थ रुद्रप्रयाग’ के संकल्प के साथ स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया।