कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने जनसेवा के लिए किया समर्पित,
बोले—पर्वतीय क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता,
रुद्रप्रयाग। विकासखंड अगस्त्यमुनि के रतूड़ा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में रविवार को एक महत्वपूर्ण पहल हुई। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने रतूड़ा स्थित श्री कांची कामकोटि शंकरा अस्पताल, उत्तरकांची रतूड़ा के पुनर्निर्मित परिसर का विधिवत लोकार्पण कर इसे जनसेवा के लिए समर्पित किया। अस्पताल के पुनर्निर्मित परिसर के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर, सुलभ और सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने की उम्मीद जगी है।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत और सुलभ बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि दुर्गम एवं दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को बेहतर उपचार की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो, इसके लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि श्री कांची कामकोटि शंकरा अस्पताल के पुनर्निर्मित परिसर के माध्यम से क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा और उन्हें उपचार के लिए दूरदराज के क्षेत्रों की दौड़ लगाने की आवश्यकता कम होगी।
उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार केवल चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के समय और संसाधनों की भी बचत होती है। स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने से विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और ग्रामीण परिवारों को बड़ी राहत मिलती है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं की ओर से किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। श्री कांची कामकोटि शंकरा अस्पताल के पुनर्निर्मित परिसर के लोकार्पण को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सेवा कार्य बताते हुए उन्होंने जगद्गुरु पूज्य शंकर विजेंद्र सरस्वती एवं शंकराचार्य श्री कांची कामकोटि पीठ के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की संस्थागत पहलें सरकार के स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के प्रयासों को भी मजबूती प्रदान करती हैं।
समारोह के दौरान अस्पताल एवं कांची कामकोटि पीठ से जुड़े पदाधिकारी, ट्रस्टी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में ट्रस्टी कृष्ण कुमार, शिव शंकरन, एमएस आनंद, कांची कामकोटि पीठ से श्रीनिवासन, राधा कृष्ण, हरि कृष्ण, मीनाक्षी शंकरन, ट्रस्ट के सलाहकार एवं समन्वयक श्यामलाल सुंदयाल, शिवानंद गिरी महाराज, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी पीतांबर थपलियाल, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र रावत, सैन सिंह बिष्ट, रुद्रप्रयाग व्यापार संघ अध्यक्ष लक्ष्मण बिष्ट, सुरेंद्र जोशी एवं ओमप्रकाश बहुगुणा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अस्पताल के पुनर्निर्मित परिसर के लोकार्पण से रतूड़ा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है। स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ने से क्षेत्रवासियों को इसका सीधा लाभ मिलने की संभावना है।

