रुद्रप्रयाग में एचपीवी टीकाकरण अभियान ने पकड़ी रफ्तार, एक सप्ताह में 322 बालिकाओं का टीकाकरण, बुधवार को 68 को लगी वैक्सीन,

Blog
 Image

81 स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर मिल रही सुविधा, 1943 के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 435 बालिकाओं का टीकाकरण,

एसीएमओ डॉ. सीमा टेकचंदानी विद्यालयों में पहुंचकर छात्राओं से कर रहीं संवाद, शिक्षा विभाग से सहयोग की अपील,,

 

रुद्रप्रयाग। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जनपद में संचालित एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान ने अब रफ्तार पकड़ ली है। स्वास्थ्य उपकेंद्र स्तर पर टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराने और विद्यालयों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाने का असर अब दिखाई देने लगा है। बीते एक सप्ताह में जनपद में 322 पात्र बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण किया जा चुका है, जबकि बुधवार को 68 बालिकाओं को वैक्सीन लगाई गई।

 

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में अभियान को गति देने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर तैनात एएनएम विद्यालयों में पहुंचकर छात्राओं को एचपीवी संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर से बचाव और एचपीवी वैक्सीन के महत्व की जानकारी दे रही हैं। इसके साथ ही पात्र बालिकाओं और उनके अभिभावकों को समय पर टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

 

अभियान की निगरानी और जागरूकता को लेकर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी स्वयं विद्यालयों का भ्रमण कर रही हैं। उन्होंने अगस्त्यमुनि, परकंडी और तिलकनगर स्थित राजकीय इंटर कॉलेजों में पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने एचपीवी संक्रमण और सर्वाइकल कैंसर से बचाव में वैक्सीन की भूमिका की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को टीकाकरण के प्रति जागरूक करते हुए पात्र होने पर समय से वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया।

 

डॉ. टेकचंदानी ने बताया कि जनपद के सभी 81 स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर एचपीवी टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध है। ऐसे बालिकाओं को वैक्सीन लगाई जा रही है, जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, लेकिन 15 वर्ष की आयु पूर्ण नहीं की है। जनपद में इस लक्षित आयुवर्ग की 1943 बालिकाओं के सापेक्ष बुधवार तक कुल 435 बालिकाओं का टीकाकरण किया जा चुका है।

 

अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी बुधवार को मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से पात्र बालिकाओं को एचपीवी संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर से बचाव और टीकाकरण के महत्व की जानकारी देने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के समन्वित प्रयासों से अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

 

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जखोली विकासखंड में एएनएम की बैठक लेकर एचपीवी टीकाकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा भी की। बैठक में क्षेत्रवार टीकाकरण की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्होंने एएनएम को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पात्र बालिकाओं की पहचान कर उनका समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान के निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए विद्यालयों और अभिभावकों के साथ प्रभावी समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।