मलबा-पत्थर आने से बढ़ा नदी का जलस्तर, मंदाकिनी में भी वृद्धि की आशंका, नदी किनारे रहने वालों को सतर्क रहने के निर्देश,
रुद्रप्रयाग। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच मद्महेश्वर क्षेत्र में चट्टान का एक हिस्सा टूटने से मोरखण्डा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। बुधवार 02 सितंबर को शाम 6:03 बजे डीडीआरएफ टीम मद्महेश्वर द्वारा जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सूचना दी गई कि क्षेत्र में हो रही वर्षा के कारण बन्दतोली के समीप चट्टान का कुछ हिस्सा टूट गया, जिससे मोरखण्डा नदी में मलबा एवं पत्थर आने के कारण नदी का जलस्तर बढ़ गया है।
स्थिति को देखते हुए मंदाकिनी नदी के जलस्तर में भी वृद्धि होने की संभावना जताई गई। सूचना का तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने रिन्यू जल विद्युत परियोजना, कुण्ड को नदी की स्थिति से अवगत करा दिया। वहीं आमजन की सुरक्षा तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, रुद्रप्रयाग ने नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग तथा नगर पंचायत तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि एवं ऊखीमठ के अधिशासी अधिकारियों को भी सूचना से अवगत कराते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में नदी किनारे एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर निवासरत अथवा आवागमन करने वाले लोगों को लाउडस्पीकर के माध्यम से सतर्क करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि लोगों को नदी के किनारे न जाने तथा बारिश के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया जाए। प्रशासन ने आमजन से अपील की कि नदी-नालों के किनारे जाने से बचें, अनावश्यक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में आवागमन न करें और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में तत्काल सुरक्षित स्थानों की ओर चले जाएं। साथ ही प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग की चेतावनियों और दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न देकर केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई है। प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

