govt-ads

देव निशानों के गंगा स्नान के साथ तरवाड़ी में पांडव नृत्य का भव्य शुभारंभ

Blog
 Image

अलकनंदा-मंदाकिनी संगम पर रात्रिभर चला जागरण, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुई देवताओं की विशेष पूजा-अर्चना,

 

25 नवंबर को बाणों का कौथिग, 9 दिसंबर को नौगरी और 10 दिसंबर को होगा गैंडा कौथिग, 11 दिसंबर को पांडव नृत्य का समापन,

 

रुद्रप्रयाग। जिला मुख्यालय से सटी ग्राम पंचायत दरमोला के राजस्व गांव तरवाड़ी में देव निशानों एवं पांडवों के अस्त्र-शस्त्रों के गंगा स्नान के साथ पारंपरिक पांडव नृत्य का भव्य शुभारंभ हो गया है। देव निशानों के नृत्य और उनके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। इस दौरान देव निशानों ने नृत्य कर भक्तों को आशीर्वाद दिया। गांव में आगामी 11 दिसंबर तक लगभग 20 दिनों तक पांडव लीला का आयोजन किया जाएगा।

परंपरा के अनुसार, एकादशी की पूर्व संध्या पर दरमोला, तरवाड़ी और स्वीली-सेम गांवों के ग्रामीण गुरुवार देर शाम ढोल-दमाऊं की थाप के साथ विभिन्न देव निशानों एवं घंटियों को लेकर अलकनंदा-मंदाकिनी के पवित्र संगम स्थल पहुंचे। यहां रात्रिभर जागरण किया गया तथा देवताओं की चार पहर की पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया।

शुक्रवार तड़के पांच बजे भगवान बदरीविशाल, लक्ष्मीनारायण, शंकरनाथ, तुंगनाथ, नागराजा, चामुंडा देवी, हित, ब्रह्मडुंगी और भैरवनाथ सहित विभिन्न देवी-देवताओं के निशानों के साथ पांडवों के अस्त्र-शस्त्रों को विधि-विधान से स्नान कराया गया। इसके पश्चात पुजारियों एवं ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ देवताओं की विशेष पूजा-अर्चना की। हवन, आरती और तिलक के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। श्रद्धालुओं के जयकारों से संगम स्थल का वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस दौरान देव निशानों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप पर नृत्य कर उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया।

 

संगम स्थल पर पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद सभी देव निशान ढोल-दमाऊं और नगाड़ों की गूंज के बीच अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। इसके बाद ग्राम पंचायत दरमोला के राजस्व गांव तरवाड़ी में देव निशानों की स्थापना के साथ पांडव नृत्य का विधिवत शुभारंभ किया गया।

उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत दरमोला में पांडव नृत्य के आयोजन की परंपरा वर्षों पुरानी है। इसके तहत प्रत्येक वर्ष बारी-बारी से अलग-अलग स्थानों पर आयोजन किया जाता है। एक वर्ष दरमोला गांव में तो दूसरे वर्ष तरवाड़ी में पांडव नृत्य का मंचन होता है। इसी परंपरा के तहत इस वर्ष तरवाड़ी गांव में पांडव लीला का आयोजन किया जा रहा है।

 

पांडव लीला समिति के अध्यक्ष करण सिंह रावत ने बताया कि आयोजन के तहत 25 नवंबर को बाणों का कौथिग, 9 दिसंबर को नौगरी कौथिग और 10 दिसंबर को गैंडा कौथिग आयोजित किया जाएगा। वहीं, 11 दिसंबर को पांडव नृत्य का विधिवत समापन होगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पांडव लीला में सहभागिता करने की अपील की।

 

मान्यता के अनुसार, देवउठनी एकादशी के अवसर पर भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागते हैं। इस दिन से मांगलिक एवं धार्मिक आयोजनों की शुरुआत को शुभ माना जाता है। इसी आस्था और सदियों पुरानी लोक परंपरा के अनुरूप गांव में प्रतिवर्ष पांडव नृत्य का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर पांडव लीला समिति के अध्यक्ष करण सिंह रावत, बदरीनाथ के पुजारी कीर्तिराम डिमरी, किशन रावत, जसपाल पंवार, वेद प्रकाश डिमरी, गिरीश डिमरी, लक्ष्मी प्रसाद डिमरी, दिनेश पंवार, सोनू डिमरी, विक्रम सिंह, विकास डिमरी, बिंदी लाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।