मुख्यमंत्री की दीर्घायु और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए हुई विशेष प्रार्थना,
रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को श्री बदरीनाथ धाम और श्री केदारनाथ धाम में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। इस दौरान दोनों धामों में 51 आशीर्वाद दीप प्रज्ज्वलित कर मुख्यमंत्री के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई। वहीं, बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) और केदार सभा के संयुक्त तत्वावधान में केदारनाथ धाम में मंदाकिनी तट पर गंगा आरती भी संपन्न हुई।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि केदारनाथ धाम में मंदाकिनी नदी के तट पर आयोजित गंगा आरती में तीर्थयात्रियों, श्रद्धालुओं, केदार सभा के तीर्थपुरोहितों तथा मंदिर समिति के अधिकारी-कर्मचारियों ने भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए प्रार्थना की गई।
उन्होंने बताया कि विशेष पूजा-अर्चना के दौरान द्वितीय चरण की चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुखद, सुरक्षित और सकुशल यात्रा के लिए भी प्रार्थना की गई। धामों में आशीर्वाद दीप प्रज्ज्वलित कर प्रदेश की उन्नति और जनकल्याण की कामना की गई।
केदारनाथ में संपन्न गंगा आरती में पं. संतोष तिवारी, मनोज तिवारी, आनंद प्रकाश पोस्ती, राजीव गैरोला सहित बीकेटीसी और केदार सभा से जुड़े पदाधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी, तीर्थपुरोहित तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

