आपदा रेस्क्यू के लिए चार नए वाहन, तहसीलों को मिले त्वरित कार्रवाई के संसाधन,

Blog
 Image

केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल और डीएम विशाल मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को किया रवाना,

रुद्रप्रयाग। आपदा की दृष्टि से संवेदनशील रुद्रप्रयाग जिले में राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए चार नए रेस्क्यू वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। बुधवार को केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल और जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने संयुक्त रूप से चारों वाहनों को हरी झंडी दिखाकर जिले की चारों तहसीलों के लिए रवाना किया।

 

नए वाहनों का उपयोग आपदा के दौरान त्वरित रेस्क्यू एवं राहत-बचाव कार्यों के लिए किया जाएगा। इसके अलावा आपदा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक उपकरण और राहत सामग्री पहुंचाने में भी इन वाहनों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। वाहनों की उपलब्धता से तहसील स्तर पर क्विक रिस्पांस सिस्टम मजबूत होगा और आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव दलों को मौके पर पहुंचाने में समय की बचत होगी।

 

केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि रुद्रप्रयाग आपदा की दृष्टि से संवेदनशील जनपद है। ऐसे में आपदा के समय त्वरित कार्रवाई के लिए पर्याप्त संसाधनों की उपलब्धता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि नए रेस्क्यू वाहनों से प्रभावित क्षेत्रों में राहत-बचाव दलों और आवश्यक सामग्री को तत्काल पहुंचाने में मदद मिलेगी।

 

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान किसी भी परिस्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए क्विक रिस्पांस सिस्टम को सुदृढ़ किया जा रहा है। चारों वाहनों को जिले की चारों तहसीलों को उपलब्ध करा दिया गया है, जिससे स्थानीय स्तर पर आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जा सकेंगे।

 

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह राजवार समेत अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और कर्मचारी मौजूद रहे।